Haryana News : हरियाणा के जींद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपनी दो पत्नियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में पहली पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अपनी पहली पत्नी के बच्चे न होने की वजह से अक्सर उससे लड़ाई झगड़ा करता था. इसी बात को लेकर एक बार फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया. गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से अपनी पहली पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
दूसरी पत्नी को बचाने आई तो उस पर भी हमला
घटना के दौरान जब दूसरी पत्नी बीच-बचाव करने आई, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर जब टीम घटनास्थल पर पहुंची तो एक महिला मृत मिली, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल थी. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापे मारी कर रही है. वहीं, अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर कानून के हवाले किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान पर तेल संकट गहराया, सिर्फ 11 दिन का स्टॉक बचा, रूस ने दिया बड़ा ऑफर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









