Rajasthanराज्य

राजस्थान के बांसवाड़ा में सरकारी टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव, 36 उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज

Rajasthan News : राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ उपखंड के हिंडोलिया चरण गांव में नगर पालिका की जमीन सीमांकन टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया. टीम नगर पालिका के लिए आरक्षित कचरा संग्रहण केंद्र की जमीन का सीमांकन करने गई थी.

कुशलगढ़ थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच उपद्रवियों को हिरासत में लिया है. अब तक 36 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं. इसमें निवर्तमान सरपंच कालू सिंह भी शामिल हैं. नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रभुलाल भाबोर की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है.

जमीन पर कब्जा और विरोध

मिली जानकारी के अनुसार, जमीन पर ग्रामीणों द्वारा खेती की जा रही थी. फसल कटने के बाद जमीन खाली होने पर प्रशासन की टीम ने सीमांकन का काम शुरू किया. टीम में उपखंड अधिकारी राकेश न्योल, तहसीलदार, पुलिस और नगर पालिका के कर्मचारी शामिल थे.

टीम के पहुंचने पर करीब 200 लोग एकत्रित हुए और टीम पर पथराव करने लगे. इस दौरान उपखंड अधिकारी और तहसीलदार की सरकारी गाड़ियों के शीशे टूट गए. पथराव में कुशलगढ़ थाने के उप निरीक्षक देवीलाल, एएसआई अमृतलाल, हेड कांस्टेबल मोहनलाल, कांस्टेबल कान्तिलाल, हेमंत, कांस्टेबल मनु कुमारी, जोशना और चंद्रपाल सिंह घायल हुए.

सरपंच को पहले दी गई थी जानकारी

वहीं, उपखंड अधिकारी ने बताया कि सीमांकन कार्य शुरू करने से पहले सरपंच कालू सिंह को जानकारी दी गई थी. सरपंच ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण सहमत नहीं हुए. टीम के पहुंचने के बाद स्थिति बिगड़ गई. इस घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है.

ये भी पढ़ें – गैस, बिजली, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर कांग्रेस कल करेगी विधानसभा का घेराव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button