UP News : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 19 फरवरी को रेलवे ट्रैक से बोरी में बंद मिले शव की गुत्थी पुलिस ने अब सुलझा ली है. यह हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते हुई थी. मृतक की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है, जो 18 फरवरी से लापता था. मनीष UPSC एग्जाम की तैयारी कर रहा था. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि मनीष का प्रेम संबंध रामपुर में तैनात एक महिला ट्रेनी सिपाही से था. इस बात से नाराज युवती के भाई अभिषेक यादव (CRPF जवान) ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से मनीष का अपहरण किया फिर उसे गोली मार दी.
इसके बाद सबूत मिटाने के मकसद से शव के टुकड़े कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत दो अभी भी फरार हैं. हत्या की पटकथा मर्यादा के इर्द-गिर्द बुनी गई थी. मुख्य आरोपी अभिषेक यादव ने अपनी बहन के प्रेम संबंध को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था.
कोचिंग जा रहे मनीष को कार से अगवा किया
आरोप के अनुसार, अभिषेक यादव ने 18 फरवरी की सुबह कोचिंग जा रहे मनीष को कार से अगवा किया. हत्या के बाद शव की पहचान छिपाने के लिए उसे क्षत-विक्षत कर ट्रैक पर फेंक दिया गया. बॉडी के टुकड़े बरामद होने के बाद अब पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए इस मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है.
कार के मालिक दीपक को गिरफ्तार कर लिया
वहीं, इटावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार के मालिक दीपक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभिषेक और विपिन की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढ़ें – अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश, यौन शोषण से जुड़ा है मामला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









