Uttar Pradeshराज्य

बदायूं में सड़क हादसा, बारातियों की बस और रोडवेज आमने-सामने टकराए, तीन की मौत

Road Accident : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बारातियों से भरी एक प्राइवेट बस और रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर के चलते मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं. इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, बारात की बस शाहजहांपुर जिले के बाराकलां से कासगंज के भम्मानगला थाना, सोरों की ओर लौट रही थी. हादसा सुबह 5:30 बजे जीडी गोयनका स्कूल के पास तब हुआ, जब प्राइवेट बस ओवरटेक करते समय सड़क किनारे से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई.

मौके पर अफरा-तफरी मच गई

टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया. मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बने अवैध कट और बसों की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है.

बरातियों की बस और रोडवेज बस की टक्कर

बरातियों की बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. धमाके की आवाज के साथ हुई टक्कर से बरातियों में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही उझानी और सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुँचाया. चिकित्सकों ने किशन, सोनू और योगेश को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद बरेली-मथुरा हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही. बाद में पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका.

मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

इंस्पेक्टर उझानी गुड्डू सिंह के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है. जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं, वहीं, अन्य को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में भर्ती कराया गया है, और मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.

ये भी पढ़ें – अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश, यौन शोषण से जुड़ा है मामला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button