
Weather Report : दिल्ली एनसीआर समेत पूरे देश में मौसम में बदलाव तेजी से देखने को मिल रहा है। सर्दी की शुरुआत से पहले ही दिल्ली में धुंध की चादर बिछने लगी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह और शाम की ठंड बढ़ने लगी है, जिससे रात में सोते समय चादर ओढ़ने की आवश्यकता महसूस हो रही है। हालांकि, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अभी भी बारिश का सिलसिला जारी है।
रात में चादर ओढ़कर सो रहे लोग
उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में ठंड का असर स्पष्ट हो रहा है। सुबह और शाम के समय का तापमान गिरता जा रहा है, और रात में अधिकतर लोग चादर ओढ़कर सोने लगे हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में इन राज्यों में ठंड का असर और बढ़ेगा। मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली में हल्की धुंध
दिल्ली में धुंध का आगाज़ हो चुका है, और मंगलवार की सुबह कई इलाकों में हल्की धुंध देखी गई। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा, तेलंगाना, कोंकण, गोवा, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात और दक्षिण मध्य प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के सिक्किम, मणिपुर, त्रिपुरा और नगालैंड में भी बारिश का पूर्वानुमान है।
यहां हल्की बारिश की संभावना
पश्चिम-मध्य भारत में ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में और लक्षद्वीप व अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल सर्दी समय से पहले आ रही है, और कड़ाके की ठंड भी पड़ने की संभावना है। नवंबर की शुरुआत से पहले ही उत्तर भारत में सर्दी का असर बढ़ने लगेगा, और इस बार सर्दी का मौसम सामान्य से थोड़ा लंबा रहने की उम्मीद है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार और झारखंड से विदा
स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार और झारखंड से विदा हो चुका है, और यही स्थिति पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी है। गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणांचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा से भी अगले दो दिनों में मानसून की विदाई हो जाएगी। इसके बाद उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलने से ठंड में वृद्धि होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : 17 अक्टूबर को धूमधाम से महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाएगी योगी सरकार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप