
1 दिसंबर से भारत और चीन के लोगों को मलेशिया में वीजा-मुक्त एंट्री मिलेगी। रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने इसकी घोषणा की है। भारतीय और चीनी नागरिकों को 30 दिनों तक मलेशिया में वीजा-मुक्त रहने का अधिकार है।
ऐसा करने से मलेशिया इकोनॉमिक ग्रोथ को सपोर्ट कर रहा है। भारत से कुआलालंपुर जाने पर चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों से फ्लाइट से जाने-आने का खर्च लगभग 12,000 रुपए होगा। श्रीलंका-थाईलैंड ने पहले भी वीजा-मुक्त प्रवेश घोषित किया है।
चीन ने भी मलेशियाई नागरिकों को वीजा-मुक्त प्रवेश दिया है
शुक्रवार को चीन ने कहा कि मलेशिया सहित छह देशों के लोगों को वीजा के बिना देश में आने की अनुमति देगा। 1 दिसंबर से यह लागू होगा और अगले वर्ष 30 नवंबर तक जारी रहेगा। ट्रेवलर्स को 15 दिनों तक चीन में वीजा-मुक्त रहने का अधिकार मिलेगा।
वियतनाम भारतीय नागरिकों को वीजा-मुक्त प्रवेश दे सकता है
हाल ही में खबर आई कि वियतनाम भी भारत के पर्यटकों को वीजा मुक्त एंट्री दे सकता है। बिना वीजा के जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, डेनमार्क, स्वीडन और फिनलैंड के लोग अभी वियतनाम जा सकते हैं।
लोकल न्यूज एजेंसी वीएन एक्सप्रेस के अनुसार, वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्री गुयेन वान हंग ने पर्यटन में सुधार लाने के लिए चीन और भारत जैसे प्रमुख बाजारों के लिए शॉर्ट टर्म वीजा वेवर देने को कहा है। टूरिज्म इंडस्ट्री को बूस्ट देने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
14-15 हजार रुपए में वियतनाम का राउंड ट्रिप टिकट
वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड, न्हा ट्रांग, दा नांग, हा लॉन्ग बे और होई एन जैसे डेस्टिनेशन भारतीय पर्यटकों के बीच पॉपुलर हैं। भारत से वियतनाम के लिए वियतजेट अपनी फ्लाइट ऑपरेट करता है। 14-15 हजार रुपए में राउंड ट्रिप टिकट मिल जाता है।
ये भी पढ़ें: इस हफ्ते के अंत तक देश में ठंड बढ़ जाएगी, अगले 24 घंटे में चार राज्यों में भारी बारिश की संभावना