
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का नतीजा आज (8 सिंतबर) को आएगा। बता दें कि घोसी उपचुनाव के लिए 5 सितंबर को वोटिंग हुई थी। वहीं, आज कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना की जाएगी। मतगणना सुबह आठ बजे से कलेक्ट्रेट में शुरू होगी। वोटों की गिनती के लिए 14 टेबल बनाए गए हैं। उम्मीद है कि 32 चक्रों की गिनती के बाद दोपहर दो बजे तक परिणाम साफ हो जाएंगे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।
उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हुए हैं। आपको बता दें कि घोसी विधानसभा के लिए 239 मतदान केंद्रों के 455 बूथों पर वोट डाले गए थे। 4,30,394 मतदाता 10 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे।
भाजपा-सपा के बीच कड़ी टक्कर
घोसी के चुनावी रण में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है। जहां एक तरफ भाजपा ने पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान के चेहरे पर दांव खेला है तो वहीं समाजवादी पार्टी की तरफ सुधाकर सिंह को उतारा है। दोनों पार्टियों के कद्दावर नेताओं की फौज ने अपने-अपने प्रत्याशियों के ताबड़तोड़ प्रचार किया। अब देखना यह होगा कि जनता घोसी उपचुनाव का ताज की सिर सजाएगी।