विदेश

पुतिन आधुनिक युग के हिटलर- यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति

यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति पेत्रो पोरोशेन्को ने व्लादीमीर पुतिन (Vladimir Putin) की तुलना हिटलर से की है। उन्होंने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आधुनिक युग के हिटलर हैं। पोरोशेन्को इस समय यूक्रेन के सांसद हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि आज का दिन बेहद दुखद है लेकिन जीत यूक्रेन की ही होगी।

यूक्रेन की राजधानी कीएफ़ में सांसदों की आपात बैठक जारी है। बैठक में शामिल होने से पहले पोरोशेन्को ने संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में पुतिन को आधुनिक हिटलर कहा। पोरोशेन्को 2014-19 तक यूक्रेन के राष्ट्रपति थे। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, यूक्रेन की संसद में माहौल तनावपूर्ण है।

गुरुवार की सुबह पुतिन ने यूक्रेन में सैनिक कार्रवाई की घोषणा की थी। इसके बाद यूक्रेन के कई इलाक़ों में हवाई हमले भी हुए। यूक्रेन के मुताबिक, अभी तक रूसी हमले में सात लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों का कहना है कि हमलों में सैनिक ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। जबकि रूस ने इससे इनकार किया है कि वो नागरिक ठिकानों पर हमला कर रहा है। पुतिन ने अपने संबोधन में यूक्रेन की सेना को हथियार डालने की चेतावनी देते हुए कहा कि कोई इस मामले में दखल न दे।

Related Articles

Back to top button