दिल्ली और मुंबई में कोरोना के मामलों में बड़ा उछाल
देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना के मामलों में पिछले 24 घंटे के दौरान तेज उछाल देखी गई है। दिल्ली में जहां पिछले 24 घंटे में 496 मामले दर्ज किए गए हैं, वहीं मुंबई में कुल 1377 मामले रिकॉर्ड किए गए हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बढ़ते कोरोना और नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामलों के मद्देनजर कुछ पाबंदियों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के अधिकारिक ट्विटर हैंडल से राजधानी का हैल्थ बुलेटिन साझा किया गया, जिसके आंकड़े डराने वाले हैं।
दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 0.89 फीसदी हो गया है। जो कि मई 31 के बाद से पहली बार इस स्तर पर पहुंचा है। सीएम केजरीवाल ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ और बढ़ते मामलों को देखकर चिंता होती है और अगर ऐसा ही चलता रहा तो पाबंदियों में इजाफा करना पड़ेगा।
नई पाबंदियों के तहत दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थाएं, सिनेमाघर और जिम पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं।
वहीं समाचार एजेंसी ANI ने ट्वीट कर मुंबई के मामलों की जानकारी साझा की। कोरोना के नए मामले मे 1377 हो गए हैं। साथ ही एक्टिव केस की संख्या 5803 तक पहुंच गई है।