
देश के बड़े राज्यों में से एक उत्तरप्रदेश में डेंगू का प्रकोप देखने को मिल रहा है। जानकारी के लिए बता दें कि योगी बाबा एक बार फिर से सख्त मोड में दिखाई दे रहें हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके प्रसार को रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से साफ कहा है कि वे फील्ड में जाएं। व्यवस्था सुधारें। डेंगू पर पैनी नजर रखें। सफाई से लेकर एंटी लार्वा स्प्रे का विशेष अभियान चलाएं। डॉक्टर एवं दवाओं का मिशन मोड में इंतजाम किया जाए।
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री योगी विभागीय अधिकारियों के साथ खुद डेंगू की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नोडल अफसरों को डेंगू की रोकथाम की व्यवस्थाओं को देखने के लिए दोबारा फील्ड में जाने के निर्देश दिए, इसी कड़ी में उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्विलांस की गतिविधियां बढ़ाई जाएं। प्रदेश के सभी नगर निगम, स्थानीय निकाय साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा स्प्रे पर विशेष अभियान चलाएं। अस्पताल पहुंचने वाले मरीज को हर हाल में जरूरी उपचार मिलना चाहिए।