
राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह तेज गर्मी रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यहां कुछ दिन तक अच्छी बारिश होने के आसार कम ही हैं। अधिकारी ने कहा, ”दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।’’ दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अच्छी बारिश ना होने के कारण तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं दिल्ली से सटे राज्य उत्तर प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। हालांकि सरकार ने दावा किया है कि अभी प्रदेश के सभी तटबंध सुरक्षित हैं और कहीं भी किसी प्रकार की चिंताजनक स्थिति नहीं है। प्रदेश के गोंडा ,मऊ, सीतापुर जिलों के छह गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रदेश में जून से अब तक 248 मिमी औसत वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा 416.4 मिमी के सापेक्ष में 60 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि बदायूं जिले में गंगा नदी व लखीमपुर खीरी ज़िले में शारदा नदी, बलिया में घाघरा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रसाद ने कहा कि प्रदेश के वर्षा से प्रभावित 35 जिलों में तलाशी और बचाव अभियान के लिए NDRF और SDRF की 55 टीमें तैनात की गयी हैं।
तापमान में हुई बढ़ोतरी
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। सुबह 8.5 मिनट पर वायु गुणवत्ता 110 दर्ज किया गया। बता दें, 0 से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।