वृंदावन हादसे का वीडियो आया सामने, हादसे के बाद मच गई थी चीख-पुकार

Share

वृंदावन में मंगलवार 15 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है। अब इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि सबकुछ सामान्य है और लोग दुकानों पर खरीदारी कर रहे हैं कि तभी अचानक से एक भवन का छज्जा गिर जाता है। छज्जा गिरते ही आसपास हडकंप मच जाता है। जहां चंद सेकेंड पहले तक लोग कृष्ण भक्ति में लीन जयकारे लगा रहे होते हैं, वहां अब चीख पुकार मची हुई है।

हादसा करीब 5.45 बजे करीब हुआ। स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी होने के चलते यहां श्रद्धालुओं का भारी रेला आया हुआ था। शाम को श्री बांके बिहारी मंदिर को दर्शन के लिए खोला गया। उसके कुछ देर बाद ही यह हादसा हो गया। हादसे ने पल भर में भक्ती भरे माहौल में मातम पसरा दिया। 

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर राहत-बचाव कार्य के लिए पहुंची। डीएम, एसएसपी अस्पताल पहुंचे। आगरा से देर शाम को एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण, आईजी रेंज आगरा दीपक कुमार भी घटना स्थल के लिए रवाना हुए।

विस्तार से जानें

जानकारी के अनुसार, बांके बिहारी मंदिर के पास दो मंजिल मकान का बड़ा हिस्सा गिर गया था। इस हादसे के बाद पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम साढ़े 5 बजे मंदिर खुलने का समय था। छुट्टी होने की वजह से भीड़ भी कुछ ज्यादा ही थी। श्रद्धालु जल्द से जल्द मंदिर पहुंचकर दर्शन करना चाहते थे।

गलियों की दुकान से प्रसाद खरीद रहे थे की तभी अचानक से सूरदास आश्रम की गली के सामने एक दो मंजिला मकान का मलबा आकर नीचे गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिसबल पहुंच गया और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि मलबे में 11 लोग दबे हुए थे, जिन्हें पुलिस ने निकालकर तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। 

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने मृतकों के परिवार के प्रतेक व्यक्ति को मुआवजा देने का ऐलान किया है। इसी के साथ घायलों का नि:शुल्क इलाज की घोषणा की है। वहीं उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनका सही उपचार कराने का निर्देश दिया है।

ये भी पढ़ें: वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास बड़ा हादसा: ढह गई 3 मंजिला इमारत, 5 लोगों की मौत