UP Budget 2026 : उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट विधानसभा में पेश किया। यह योगी सरकार का 10वां बजट है। बता दें कि यह पिछले साल की तुलना में 12.9 प्रतिशत अधिक बजट है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8.7 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट पेश किया था। यह यूपी के इतिहास का सबसे बड़ा बजट है, जिसकी राशि 9.12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय अब करीब 1.20 लाख रुपये हो गई है और योगी सरकार में 6 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया है। यह बजट इसलिए अहम है क्योंकि 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपए
उन्होंने ऐलान किया कि अब बेटियों की शादी के लिए 50 हजार की जगह 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। 10 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। छात्राओं को स्कूटी देने के लिए 400 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। विधवा पेंशन 1500 रुपए प्रति माह की गई है।
आईटी सेक्टर में अहम कदम
आईटी सेक्टर के लिए 2,059 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। एआई के क्षेत्र में विकास के लिए उत्तर प्रदेश एआई मिशन का आरम्भ किया जा रहा है जिसके लिए 225 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि हमारी सरकार के अब तक के कार्यकाल में 3,04,321 करोड़ रूपये से अधिक के रिकार्ड गन्ना मूल्य का भुगतान कराया गया है।
योगी सरकार ने बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा प्रावधान किया है-
चिकित्सा शिक्षा के लिए 14,997 करोड़ रुपये रखे गए हैं। प्रदेश में अभी 81 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें 45 सरकारी और 36 निजी हैं। 60 जिलों में मेडिकल कॉलेज की सुविधा है, जबकि 16 जिलों में पीपीपी मॉडल से नए कॉलेज खोले जाएंगे।
एमबीबीएस सीटें 2017 की 4,540 से बढ़ाकर 12,800 कर दी गई हैं और पीजी सीटें 1,221 से बढ़कर 4,995 हो गई हैं। 14 नए मेडिकल कॉलेजों के लिए 1,023 करोड़ रुपये, लखनऊ कैंसर संस्थान के लिए 315 करोड़ रुपये और असाध्य रोगों के मुफ्त इलाज के लिए 130 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
अयोध्या का होगा विकास
पुलिस विभाग में 2.19 लाख भर्तियां की गईं। मजदूरों के लिए लेबर अड्डे बनाए जाएंगे। अयोध्या के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए प्रस्तावित। फ्री टैबलेट और स्मार्ट फोन के लिए 2374 करोड़ रुपए प्रस्तापित। जेवर एयरपोर्ट पर पांच रनवे बनाया जाएगा। मेरठ, मथुरा-वृंदावन और कानपुर विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी नई योजनाओं के लिए 800 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
पुलिस व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, अपराधों में आई कमी
सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए पुलिस गैर-आवासीय भवनों पर 1,374 करोड़, आवासीय भवनों पर 1,243 करोड़ और नए जिलों में पुलिस भवनों के निर्माण के लिए 346 करोड़ रुपए रखे गए हैं। अग्निशमन केंद्रों के लिए 200 करोड़ और व्यवस्था मजबूत करने के लिए 190 करोड़ रुपये का प्रावधान है। मिशन शक्ति के तहत महिला बीट पुलिसकर्मियों के वाहनों के लिए 25 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं।
सरकार के अनुसार 2016 के मुकाबले प्रदेश में अपराधों में बड़ी कमी आई है। डकैती 89%, लूट 85%, हत्या 47%, उपद्रव 70% और फिरौती के लिए अपहरण 62% घटे हैं।
दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों में कमी
महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी गिरावट दर्ज की गई है। हत्या 48%, दहेज मृत्यु 19%, बलात्कार 67% और शील भंग के मामले 34% कम हुए हैं। अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े अपराधों में भी कमी आई है। हत्या 43%, आगजनी 94%, बलात्कार 32% और गंभीर चोट के मामले 10% घटे हैं।
ये भी पढ़ें- Indian Railways : यात्री कृप्या ध्यान दें, RailOne ऐप से कटेगी जनरल टिकट, 1 मार्च से UTS ऐप बंद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









