दो लड़कियों ने हाथ में सिगरेट लेकर उड़ाया राष्ट्रगान का मजाक, मामला दर्ज

Share

राष्ट्रगान, जिसका सम्मान करना देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। लेकिन पश्चिम बंगाल के कोलकाता से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां हाथ में सिगरेट लेकर लड़कियों ने राष्ट्रगान का मजाक उड़ाया है, जिसके बाद इनकी गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कोलकाता में लड़कियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वीडियो हुआ था वायरल

जानकारी के मुताबिक, यह मामला पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का है। यहां बीते दिनों दो लड़कियों ने राष्ट्रगान का मजाक बनाया। इस दौरान दोनों लड़कियां वीडियो बना रहीं थीं। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद दोनों लड़कियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठने लगी।

लड़कियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोलकाता में मामला दर्ज कर लिया है। लड़कियों का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, कलकत्ता हाईकोर्ट के वकील सहित कई लोगों ने लड़कियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैरकपुर साइबर सेल में रविवार को राष्ट्रगान का मजाक उड़ाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एक पुलिस अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है कि पुलिस ने दोनों लड़कियों के बयान दर्ज करा लिए हैं।

बीजेपी नेता ने शेयर किया वीडियो

वायरल वीडियो को बीजेपी महासचिव अनुपम भट्टाचार्जी ने ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा वीडियो में दो लड़कियां जो दिखने में नाबालिग लग रही हैं वे हंसते हुए राष्ट्रगान गा रही हैं। उनके गाने के अंदाज से ऐसा लग रहा है जैसे वे राष्ट्रगान का मजाक बना रही हैं। हद तो ये है कि दोनों लड़कियों के हाथ में सिगरेट है और वे उसे दिखा-दिखा कर जन-गण-मन गा रही हैं।

ये भी पढ़ें: भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे कुछ दल जब एकत्रित होते हैं तो महाठगबंधन बनता है: अनुराग ठाकुर