संजय सिंह के समर्थन में उतरे शत्रुघ्न सिन्हा, पीएम मोदी को लेकर दिया ये बयान

मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर विपक्ष लगातार आक्रमक बना हुआ है। विपक्षी दल सदन में लगातार इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। इसी बीच पीएम मोदी ने बीजेपी सांसदों को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। मोदी के इस बयान पर राजनीतिक दल लगातार प्रतिकियाएं दे रहे हैं। टीएमसी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी पर मणिपुर हिंसा को लेकर जबरदस्त हमला बोला और आप सांसद संजय सिंह के निष्कासन पर भी सवाल उठाए।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि, हमने अपनी आवाज बुलंद करने की कोशिश की है। मणिपुर में जो अत्याचार हो रहा है पीएम मोदी उस पर 80 दिनों तक चुप रहे। वह भी तब , जब सप्रीम कोर्ट से फटकार मिलती है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि, पीएम मोदी से मणिपुर पर जवाब देते नहीं बन रहा है, और वो संसद से बाहर बोलते हैं। जब हमारे अपने लोग चाहे वह संजय सिंह हों , राघव चड्ढा हों या चाहे जिनते हमारे नेता गण हो या फिर खड़गे साहब जब आवाज बुलंद करते हैं तो उनके खिलाफ पार्लियामेंट में क्या क्या इल्जाम लगाते हैं? उनकी बातों को ना सुनना , दबाना या फिर ये कह देना कि विपक्ष चर्चा से भाग रहे हैं। ये अधूरा सत्य है।
टीएमसी सांसद ने आगे कहा कि, विपक्ष चर्चा से नहीं भाग रहा है। वे नियमों के मुताबिक चर्चा नहीं चाह रहे हैं। संजय सिंह देश का गौरव हैं जो देश की संसद में प्रखर आवाज़ हैं। उनकी आवाज़ को दबाने के लिए ही निलंबित किया है।
पीएम मोदी द्वारा विपक्ष के गठबंधन इंडिया की तुलना आतंकी संगठन के करने के सवाल पर सिन्हा ने कहा कि, ये बड़े ही शर्म की बात है। उन्हे मणिपुर पर जवाब देते बन नहीं रहा है। जो बोल रहे हैं वह बाहर बोल रहे हैं। हमारे इंडिया, हमारे भारत की तुलना आतंकवादी संगठन से कर रहे हैं। पीएम मोदी को ये शोभा नहीं देता है, वो मणिपुर के जले पर नमक छिड़क रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जानें क्या है ‘समोसा कॉकस’, जिसका जिक्र करते हुए PM Modi ने की कमला हैरिस की तारीफ