Punjab

Punjab News : जरनैल शाम सिंह अटारी के 180वें शहीदी दिवस पर पंजाब सरकार का राज्य स्तरीय कार्यक्रम

Punjab News : पंजाब सरकार द्वारा सिख कौम के महान जरनैल शाम सिंह अटारीवाला का 180वां शहीदी दिवस आज इंडिया गेट और अटारी समाधि पर पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय शहीदी समारोह के अवसर पर पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. मुख्य अतिथि और जसविंदर सिंह रमदास, हल्का विधायक अटारी तथा डॉ. जसबीर सिंह संधू, विधायक अमृतसर पश्चिमी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर इंडिया गेट के पास बने महान जरनैल शाम सिंह अटारीवाला के स्मारक पर कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ., विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, ब्रिगेडियर एस.एस. जामवाल, कमांडर 54 इन्फेंट्री ब्रिगेड, कर्नल सुमित शर्मा, उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह, पुलिस आयुक्त सरदार गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एस.डी.एम. सरदार मनकंवल सिंह चाहल, कर्नल हरिंदर सिंह, कर्नल कुलदीप सिंह ने शहीद सरदार शाम सिंह अटारीवाला की प्रतिमा पर श्रद्धांजलियां अर्पित कीं। इस अवसर पर पंजाब पुलिस के जवानों द्वारा महान जरनैल सरदार शाम सिंह अटारीवाला को हथियार उल्टे कर सलामी भी दी गई।

शहादत का वृत्तांत किया गया साझा

इसके बाद अटारी स्थित सरदार शाम सिंह अटारीवाला की समाधि पर आयोजित श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद धार्मिक दीवान सजाए गए। श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई गुरजीत सिंह बैंका द्वारा गुरु जस गायन किया गया और भाई गुरप्रीत सिंह भंगू के ढाडी जत्थे द्वारा जरनैल शाम सिंह अटारीवाला के जीवन और उनकी शहादत का वृत्तांत संगतों के साथ साझा किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने अटारी पहुंच कर महान जरनैल शाम सिंह को श्रद्धा के फूल अर्पित किए।

अटारीवाला सिख कौम के महान जनरल

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने सरदार शाम सिंह अटारीवाला जी की समाधि पर नतमस्तक होकर उन्हें अपनी श्रद्धा और सम्मान अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार शाम सिंह अटारीवाला म्यूजियम का दौरा भी किया। इसके बाद धार्मिक दीवान में सरदार शाम सिंह अटारीवाला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि सरदार शाम सिंह अटारीवाला सिख कौम के महान जनरल थे और एंग्लो-सिख युद्ध के दौरान सभराओ की जंग में आखिरी दम तक जूझने के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरदार शाम सिंह अटारीवाला की बहादुरी और शहादत की प्रशंसा अंग्रेजों ने भी की है। उन्होंने कहा कि शहीद कौम का धरोहर होते हैं और अपने शहीदों को याद रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है।

कार्यक्रमों में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें

सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि अटारी गांव को नया रूप दिया जाएगा ताकि रिट्रीट सेरेमनी देखने आने वाले यात्री अटारीवाला की समाधि पर आएं और अपने बच्चों को उनकी शहादत के बारे में बताएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने बच्चों को भी इतिहास से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महान शहीद सरदार शाम सिंह अटारीवाला की शहादत को नमन करती है, जिन्होंने अपनी जान देश-कौम के लिए कुर्बान कर दी।

अटारीवाला’ का किया गया विमोचन

इस मौके पर सरदार शाम सिंह अटारी के परिवार के सदस्यों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों कर्नल हरिंदर सिंह अटारी, मलविंदर अटारी, बीर इंदर सिंह, महासचिव हरप्रीत सिंह सिद्धू, बीबा अमितेश्वर कौर, बीबा जसप्रीत कौर, बीबा संदीप कौर, दिनेश सिंह सिद्धू, इंदर जसबीर सिंह संधू लोपोके, अनंतबीर सिंह, चरणजीत सिंह, रमनदीप कौर, रवि इंदर सिंह, कर्नल गुरबंत सिंह, हरमन सिंह, जसकिरन कौर, रमनदीप कौर, सरपंच अटारी हरप्रीत सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा प्रसिद्ध लेखिका डॉ. कुलविंदर कौर मिन्हास की पुस्तक ‘सिख राज के आखिरी थंम -सरदार शाम सिंह अटारीवाला’ का विमोचन भी किया गया।

स्कूलों के विद्यार्थी भी मौजूद रहे

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. की धर्मपत्नी सुरिंदर कौर, भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी निर्मल सिंह बेदी, कर्नल कुलदीप सिंह, धन-धन बाबा दीप सिंह जी हरियाली मिशन के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह, रछपाल सिंह, सूबेदार मेजर मनजीत सिंह, नरिंदर सिंह के अलावा बड़ी संख्या में इलाके के निवासी और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- Indian Railways : यात्री कृप्या ध्यान दें, RailOne ऐप से कटेगी जनरल टिकट, 1 मार्च से UTS ऐप बंद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button