Punjab News : नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित एक अहम हमदर्दी-भरी पहल करते हुए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड उन विद्यार्थियों के लिए एकमुश्त “विशेष मौका” (मर्सी चांस) देने जा रहा है, जो 10वीं या 12वीं बोर्ड परीक्षा पास नहीं कर सके थे.
यह ऐलान पंजाब के शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस ने नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के प्रकाश पर्व के मौके पर किया.
इस पहल के लिए योग्यता और दायरे के बारे में शिक्षा मंत्री ने बताया कि वे सभी विद्यार्थी, जो मार्च 2010 से अब तक पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की किसी भी परीक्षा में बैठे हैं और पास नहीं हो सके, वे विशेष मौके (मर्सी चांस) के लिए योग्य होंगे. इस मौके का लाभ वे विद्यार्थी ले सकते हैं, जिन्होंने कम से कम एक विषय पास किया है. दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए यह विशेष सुविधा उन्हें अपना बोर्ड सर्टिफिकेशन प्राप्त करने का अंतिम रास्ता प्रदान करेगी.
विशेष परीक्षाएं 15 जुलाई 2026 से होंगी
सरदार हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 27 अप्रैल, 2026 को शुरू होगी और विशेष परीक्षाएं 15 जुलाई, 2026 से होंगी, उन्होंने कहा कि विस्तारपूर्वक निर्देश, विषयवार सिलेबस और आवेदन करने के लिए लिंक पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगा.
इस पहल को नौवें गुरु साहिब जी की पवित्र और सदैव की विरासत के प्रति नम्र श्रद्धांजलि बताते हुए सरदार हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह विशेष मौका उन विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर होगा, जो कई कोशिशों के बावजूद अब तक अपनी स्कूली शिक्षा पूरी नहीं कर सके थे.
भगवंत मान की अगुवाई में पहल
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी द्वारा दर्शाए दया-भावना और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों तथा शिक्षा के प्रति मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार की वचनबद्धता को दोहराते हुए सरदार हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि नौवें पातशाह के 350वें शहीदी वर्ष के ऐतिहासिक मौके पर राज्य सरकार यह चाहती है कि अपनी शिक्षा पूरी करने का इच्छुक हर विद्यार्थी यह महसूस करे कि शिक्षा पूरी करने में कभी भी कोई देरी नहीं होती.
सरदार बैंस ने कहा कि यह मौका अपने भविष्य को लिखने का एक सुनहरा अवसर है, उन्होंने योग्य विद्यार्थियों से अपील की कि वे बिना समय गंवाए इस संबंधी नियमित जानकारी के लिए पी.एस.ई.बी. की वेबसाइट देखते रहें और किसी भी पूछताछ के लिए अपने नजदीकी जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें – ईरान पर अमेरिका के हवाई हमले, खर्ग और काशान में टारगेट किए गए करीब 50 ठिकाने
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









