Owaisi Slams US Threat : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की बात कही थी.
करीमनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. ओवैसी ने सवाल उठाया कि क्या भारत का पेट्रोलियम मंत्री ट्रंप है या हरदीप सिंह पुरी? उन्होंने कहा, “अमेरिका में बैठा एक गोरी चमड़ी वाला इंसान हमें धमकी दे रहा है कि अगर हमने रूस से तेल खरीदा तो वह 25 प्रतिशत टैक्स लगा देगा. ओवैसी ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद तत्कालीन केंद्रीय मंत्री को भी आड़े हाथों लिया.
रूस से तेल पर ओवैसी ने केंद्र को घेरा
सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “मैं यहां के सांसद साहब से पूछना चाहता हूं, क्योंकि वे केंद्रीय मंत्री हैं, क्या वे यह सुन रहे हैं? यह बीजेपी-आरएसएस का राष्ट्रवाद है? यह आपकी देशभक्ति है?” ओवैसी ने आर्थिक मामलों को लेकर भी केंद्र सरकार को भी घेरा. उन्होंने कहा कि अगर भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा, तो इसका फायदा सीधा चीन को होगा, जो पूरा सस्ता तेल खरीद लेगा.
टैरिफ और बीजेपी के दिखावे पर ओवैसी का तंज
ओवैसी ने ‘नयारा’ कंपनी का हवाला देते हुए कहा कि यह एक रूसी कंपनी है और यदि यह भारत में तेल लाती है, तो क्या उस पर भी टैरिफ लगाएंगे? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं की दाढ़ी, सिर पर टोपी और शरीर पर शेरवानी वाला अंदाज भले ही दिखावटी हो, लेकिन इसके चलते आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
विदेशियों के दबाव में नेताओं पर किया हमला
बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के दिनों में अपने बयानों में कहा था कि अगर भारत (BRICS देशों के संदर्भ में) डॉलर की जगह अपनी करेंसी बनाता है या रूस से तेल खरीदता है, तो अमेरिका सख्त कार्रवाई करेगा. ओवैसी ने इस बयान को भारत की संप्रभुता पर हमला बताया. अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा, “ऐसा केंद्रीय मंत्री है जो डोनाल्ड ट्रंप से डरता है, लेकिन हर रोज ओवैसी को गाली देता है.” उन्होंने करीमनगर के लोगों से अपील की कि वे उन नेताओं को पहचानें जो विदेशियों के दबाव में देश की बाजी गंवाने पर आमादा हैं.
ये भी पढ़ें- Bastar Naxal Surrender : बस्तर में 51 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 1.61 करोड़ का था इनाम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









