राष्ट्रीय

“सबसे प्रतिष्ठित आवाजों में से एक”: आशा भोसले के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

PM Modi Tribute Asha Bhosle : महान गायिका आशा भोसले का रविवार (12 अप्रैल 2026) को दक्षिण मुंबई स्थित ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत की सबसे प्रसिद्ध और बहुमुखी गायिकाओं में से एक आशा भोसले जी के निधन से उन्हें अत्यंत दुख हुआ है, उन्होंने कहा कि आशा भोसले का संगीत सफर कई दशकों तक फैला रहा, जिसके दौरान उन्होंने भारतीय संगीत और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई.

उनकी आवाज हमेशा दिलों में गूंजती रहेगी

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि उनकी आवाज ने न केवल भारत, बल्कि दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के दिलों को छुआ. उनके भावपूर्ण गीत हों या ऊर्जावान प्रस्तुतियां हर शैली में उनकी गायकी का अलग ही जादू था, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. प्रधानमंत्री ने उनसे हुई मुलाकातों को भी भावुकता से याद किया और कहा कि ये स्मृतियां हमेशा उनके साथ रहेंगी, उन्होंने इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार, प्रशंसकों और संगीत जगत के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

तबीयत बिगड़ने के बाद हुई थी अस्पताल में भर्ती

परिवार के अनुसार, आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने जानकारी दी कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार (13 अप्रैल 2026) को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा. वहीं उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उन्हें सीने में संक्रमण और कमजोरी की शिकायत थी, जबकि सूत्रों के अनुसार उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा था और वे फेफड़ों की समस्या से जूझ रही थीं.

आशा भोसले का जीवन और संगीत परिवार

8 सितंबर 1935 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में जन्मी आशा भोसले ने बहुत कम उम्र से संगीत की दुनिया में कदम रखा था. उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर ने उन्हें प्रारंभिक संगीत शिक्षा दी. संगीत से जुड़े परिवार में उनकी बहन लता मंगेशकर, मीना मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर भी शामिल रहे हैं, जिन्होंने भारतीय संगीत को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार को मिली बड़ी सफलता, पराली जलाने की घटनाओं में 94 प्रतिशत कमी पर मिला राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button