
Noida International Airport : उत्तर प्रदेश और एनसीआर के करोड़ों लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. जेवर में बन रहे देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, के उद्घाटन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च 2026 को प्रस्तावित है. इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निमंत्रण पत्र भेजा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह उद्घाटन न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए, बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए नवरात्रि का सबसे बड़ा तोहफा साबित होगा.
एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी
आपको बता दें कि हाल ही में DGCA ने इस एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया है. किसी भी एयरपोर्ट के संचालन के लिए यह लाइसेंस बेहद जरूरी होता है. इसका मतलब है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी सुविधाएं निर्धारित मानकों पर पूरी तरह खरी उतरी हैं और अब यहां से उड़ानें शुरू करने का रास्ता लगभग पूरी तरह से साफ हो गया है.
जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल होने जा रहा है. इसे कई चरणों में विकसित किया जा रहा है. पहले चरण में ही यह लाखों यात्रियों को सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होगा. भविष्य में इसके विस्तार के साथ एयरपोर्ट की क्षमता और सुविधाएं दोनों बढ़ाई जाएंगी, जिससे यह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एक प्रमुख हवाई अड्डा बन जाएगा.
इन जिलों के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
इस एयरपोर्ट के संचालन से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर और अलीगढ़ सहित आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अब यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा. इसके साथ ही इस क्षेत्र में रोजगार, निवेश और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
हालांकि उद्घाटन की तारीख 28 मार्च प्रस्तावित की गई है, लेकिन फ्लाइट संचालन की सटीक तारीख उद्घाटन के बाद ही तय होगी. माना जा रहा है कि उद्घाटन के कुछ समय बाद ही यहां से नियमित उड़ानें शुरू की जा सकती हैं.
ये भी पढ़ें – पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत की ऊर्जा आपूर्ति मजबूत, होर्मुज के रास्ते भारत पहुंचा एक और जहाज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









