Surprise Inspection : राजस्थान में पंचायती व्यवस्था की हकीकत उस समय खुल गई जब पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सीकर जिले की ग्राम पंचायतों का अचानक निरीक्षण किया. एकदिवसीय दौरे के दौरान जैसे ही उन्होंने जमीनी हालात देखे, स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया.
जयपुर से चूरू के रास्ते में मंत्री सबसे पहले सीकर की ग्राम पंचायत ठीकरिया पहुंचे और उसके बाद पलसाना पंचायत समिति के रेवासा गांव का दौरा किया. यहां चारों ओर फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था की लापरवाही देखकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधे सवाल किए. लोगों ने बताया कि गांव में नियमित सफाई नहीं होती और कचरा उठाने की कोई ठोस व्यवस्था भी नहीं है.
कचरे के ढेर देख मंत्री हुए नाराज
इसके बाद मंत्री पिपराली पंचायत समिति के बाजोर गांव पहुंचे, जहां हालात और भी खराब मिले. सड़कों पर पानी भरा हुआ था, जगह-जगह कीचड़ फैला था और कचरे के ढेर लगे हुए थे. हालात देखकर मंत्री ने जिला परिषद सीकर के सीईओ को फोन कर नाराजगी जताई और पूछा कि क्या अधिकारी कभी गांवों का निरीक्षण करते हैं या नहीं.
स्वच्छता फंड के दुरुपयोग पर वसूली की चेतावनी
मंत्री ने साफ कहा कि बार-बार कहने के बावजूद अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए चार्जशीट जारी करने और कुछ अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश दिए. साथ ही स्वच्छता से जुड़े फंड के दुरुपयोग पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पैसे का गलत इस्तेमाल पाया गया तो उसकी वसूली भी की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हलचल तेज हो गई है और अधिकारी अब व्यवस्थाएं सुधारने में लग गए हैं.
ये भी पढ़ें – आप मुख्यालय पर हर्षोल्लास से मनाया गया सांसद संजय सिंह का जन्मदिन, कार्यकर्ताओं में ख़ुशी का माहौल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









