Uttar Pradeshराज्य

UP में नकली नोटों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, 4.20 लाख के फर्जी नोट बरामद, 5 जालसाज गिरफ्तार

UP News : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में पुलिस ने जाली मुद्रा के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त रणनीति के तहत की गई, जिसमें कुल 4.20 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में सक्रिय था और लंबे समय से नकली नोटों के जरिए लोगों को ठग रहा था.

पुलिस को शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग बड़ी मात्रा में नकली नोट के साथ बक्सई घाट पुल के आसपास मौजूद हैं. सूचना के आधार पर तुरंत घेराबंदी की गई. जैसे ही पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की, आरोपी अपनी मोटरसाइकिलों से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी मजबूत होने के कारण सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया. पकड़े गए लोगों में कथित सरगना मुस्तफा भी शामिल है.

सीमा पार नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की कई गड्डियां बरामद कीं, जिनकी कुल राशि 4.20 लाख रुपये बताई जा रही है. शुरुआती जांच में ये सभी नोट नकली पाए गए. इसके अलावा मौके से सात मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं.

गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल के रुपनदेही जिले का मणिकांत चौधरी भी शामिल है, जो फिलहाल महराजगंज में रह रहा था. वहीं एक अन्य आरोपी नबीउल्लाह उस्मानी पहले भी गोरखपुर और कुशीनगर में नकली नोटों से जुड़े मामलों में नामजद रह चुका है. पुलिस को शक है कि इस पूरे नेटवर्क के तार सीमा पार सक्रिय बड़े सप्लायरों से जुड़े हो सकते हैं.

बैंक से लौट रहे लोगों को बनाते थे निशाना

वहीं, पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह बेहद चालाक तरीके से वारदात को अंजाम देता था. ये लोग खासकर बैंक से नकदी निकालकर लौट रहे किसानों और मध्यम वर्गीय लोगों को निशाना बनाते थे. भरोसा जीतकर असली नोटों के बदले नकली नोटों की गड्डी थमा देना इनका तरीका था, जिसमें ऊपर-नीचे असली नोट और बीच में नकली नोट छिपाए जाते थे.

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक सुनियोजित गिरोह है जो कई जिलों में सक्रिय था. बरामद सामग्री और आरोपियों के नेटवर्क की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी संभव है.

ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार को मिली बड़ी सफलता, पराली जलाने की घटनाओं में 94 प्रतिशत कमी पर मिला राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button