Delhi NCR

केजरीवाल सरकार का फैसला, तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद, इन इलाकों के लोगों को होगी पानी की समस्या

दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। बता दें कि यमुना नदी इस वक्त खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से यमुना के आस पास के इलाकों में पानी भर गया है। स्थानीय लोगों को अपने घर छोड़ने पड़ रहे हैं। वहीं अब दिल्लीवालों को एक और समस्या का सामना करना पड़ेगा।

दरअसल कुछ दिनों तक दिल्ली के कुछ इलाकों में जल की असुविधा रहेगी। इसकी जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी है। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया है कि बढ़ते जलस्तर की वजह से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद किए गए हैं, जिससे पानी की समस्या होगी।

सीएम केजरीवाल ने किया ट्वीट

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर बताया कि यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वज़ीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाक़ों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना

जानकारों के मुताबिक यमुना का जलस्तर पहली बार इतना ज्यादा बढ़ा है। दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने जानकारी दी है कि यमुना का जलस्तर 208.5m तक पहुंच गया है।

दिल्ली सरकार की अपील

यमुना के खतरे से निपटने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं, पार्षदों, विधायकों से आपदा से जूझ रहे लोगों के लिए राहत और बचाव कार्य करने की अपील की है। सीएम केजरीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा है कि मैं सभी कार्यकर्ताओं, पार्षदों, विधायकों और अन्य सभी लोगों से राहत शिविरों का दौरा करने और हर संभव सहायता प्रदान करने की अपील करता हूं।

ये भी पढ़ें: यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के कई रास्ते बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Related Articles

Back to top button