बिहारः आरक्षण का दायरा बढ़ाने का निर्णय ऐतिहासिक- उमेश सिंह कुशवाहा

बैठक का शुभारंभ करते उमेश सिंह व अन्य जेडीयू नेता।
JDU Meeting: मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिलाध्यक्षों की एकदिवसीय बैठक की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। अध्यक्षता अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र चद्रवंशी एवं संचालन शिवशंकर निषाद ने किया।
JDU Meeting: ‘दस्तक दे रहा लोकसभा चुनाव’
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव दस्तक दे रहा है। 2025 के विधानसभा चुनाव में भी अधिक दिन शेष नहीं। हमारे राज्य में जातीय गणना कराने और उसके आंकड़ों के अनुरूप आरक्षण का दायरा बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय हुए।
‘अतिपिछड़ों के लिए नीतीश ने किए असाधारण कार्य’
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ से पार्टी की अपेक्षा सबसे अलग और सबसे अधिक है। वो इसलिए क्योंकि अतिपिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए हमारे नेता ने असाधारण कार्य किए हैं। इसके परिणामस्वरूप यह समाज प्रारंभ से लेकर आज तक जदयू का सबसे महत्वपूर्ण आधार रहा है।
कर्पूरी चर्चा का समापन समारोह 24 जनवरी को
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दृढ़ निश्चय का परिणाम है कि भाजपा द्वारा हरसंभव बाधा पहुंचाने के बावजूद बिहार में जातिगत गणना का काम पूरा हुआ. 24 जनवरी को जननायक कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती के दिन आयोजित किए जाने वाले जननायक कर्पूरी चर्चा के समापन समारोह को भव्यतम बनाने के लिए अभी से तैयारी में लग जाएं। इसका आयोजन वेटरनरी काॅलेज ग्राउंड में किया जाएगा।
‘बीजेपी ने दायर की थी आरक्षण खत्म करने की याचिका’
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नगर निकाय एवं पंचायती राज में अतिपिछड़ा समाज को आरक्षण की सुविधा प्रदान की। भाजपा ने बीते वर्ष नगर निकाय में अतिपिछड़ा आरक्षण खत्म करने के लिए न्यायालय में याचिका दायर की। न्यायालय ने कहा था कि सरकार चाहे तो बिना आरक्षण के चुनाव करा सकती है लेकिन हमारे नेता ने ऐसा नहीं किया।
JDU Meeting: ‘बीजेपी फ्री इंडिया के लिए बनें जागरूक’
मदन सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार ने अतिपिछड़ों के लिए जो काम किया है उसे हम जनता के बीच पहुंचाना होगा। साथ ही भाजपा मुक्त भारत बनाने के लिए हमें जागरूक और एकजुट होना होगा।
JDU Meeting: ‘वोट राज यानि छोट राज’
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा, मैं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने प्रदेशभर में जननायक कर्पूरी चर्चा का कार्यक्रम को चलाया। कर्पूरी ठाकुर कहते थे कि वोट का राज यानी छोट का राज। हमारा बिहार समाजवादी आंदोलन की प्रयोगशाला रहा है। भाजपा के लोग आरक्षण विरोधी हैं। उन्होंने पूछा कि अगर देश में केवल युवा, किसान, गरीब और महिला की जाति है तो नरेंद्र मोदी खुद को अतिपिछड़ा जाति का क्यों बताते हैं। भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ छल किया।
नीरज और संजय कुमार सहित ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधानपरिषद के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘‘गांधी जी’’, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सह विधानपार्षद नीरज कुमार, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष भारती मेहता, पूर्व विधानपार्षद सह बेगूसराय जिलाध्यक्ष रूदल राय, पप्पू निषाद, रवि ज्योति बिल्लू, अवधेश कुमार, आशीष पटेल, अनिमेष चंद्रा, अमरनाथ चंद्रवंशी, बंटी कुमार चंद्रवंशी, ब्रजेश चोपड़ा, पप्पू मुखिया, नागेंद्र चन्द्रवँशी, सुनील चन्द्रवँशी सहित सभी संगठन जिला के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेशभर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार
ये भी पढ़ें: बिहारः मिलन समारोह में जेडीयू और आरजेडी के कई नेता बीजेपी में शामिल