आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र पर चाकुओं से हुआ हमला, विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने गए भारतीय छात्र पर चाकुओं से हमला किया गया। छात्र उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का रहने वाला है। हमलावर ने छात्र पर करीब 11 वार किए हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्र के परिजनों ने उसे आगरा लाने के लिए फतेहपुरसीकरी के सांसद से मदद की गुहार लगाई है। सांसद राजकुमार चाहर ने विदेश मंत्रालय में बात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। परिजनों का कहना है कि छात्र पर छह अक्टूबर को हमला हुआ था।
किरावली के पैठ गली के रहने वाले रामनिवास गर्ग का 28 साल का बेटा शुभम गर्ग आईआईटी चेन्नई से मॉस्टर आफ साइंस की डिग्री लेकर ऑस्ट्रेलिया में पीएचडी करने के लिए गया है। वह सिडनी के यूनएनएसडब्ल्यू कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले महीने एक सितंबर को ही ऑस्ट्रेलिया गया था।
बताया जा रहा है कि छह अक्टूबर को वह एटीएम से रुपये निकाल कर रात करीब 10 बजे अपने कमरे पर लौट रहा था कि तभी एक हमलावर ने उसपर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावर ने शुभम के जबड़े, छाती और पेट में 11 बार चाकू से हमला किया, जिससे शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त ने इसकी जानकारी शुभम के परिजनों को दी है। जानकारी के अनुसार ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने केस दर्ज कर 10 अक्टूबर को आरोपी डेनियल नोरवुड को अरेस्ट कर लिया है।
गंभीर रूप से घायल शुभम की हालत नाजुक बताई जा रही है। वह सिडनी के रॉयल नार्थ शोर हॉस्पिटल में भर्ती है और जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। पीड़ित परिजनों ने शुभम को नस्लीय हिंसा का शिकार बताया है। शुभम को आगरा लाने के लिए उन्होंने सांसद राजकुमार चाहर से गुहार लगाई है।
शुभम की हालत गंभीर होने की जानकारी से परिजन चिंता में पड़ गए हैं। वे जल्द ही अपने लिए वीजा बनवाने की दरकार लगा रहे हैं। उन्होंने सांसद से मिलकर अपने बेटे की मदद के लिए गुहार लगाई है। बेटे की देखभाल के लिए किसी को सिडनी भेजने की व्यवस्था की मांग की है। वहीं, सांसद राजकुमार चाहर ने विदेश मंत्रालय में फोन और मेल करके शुभम के भाई रोहित गर्ग का वीजा बनवाने के लिए कहा है।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को कहा कि कैनबरा में उच्चायोग ऑस्ट्रेलिया में एक भारतीय छात्र को चाकू मारने की घटना पर स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद करता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि घटना के सिलसिले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। वहीं स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में कथित तौर पर नकदी की मांग करने वाले एक व्यक्ति ने 28 वर्षीय भारतीय छात्र को चेहरे, छाती और पेट में कई बार चाकू मार दिया।