राष्ट्रीय

भारत-अमेरिका ट्रेड डील : शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित सुरक्षित होने का दावा किया

US Trade Deal : भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि भारत किसी के आगे झुकने वाला नहीं है और हमारे किसानों के हितों को किसी भी हालत में नुकसान नहीं पहुँचने देंगे. इस ट्रेड डील में इन दोनों बातों का पूरी तरह से ध्यान रखा गया है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस ट्रेड डील में भारतीय किसानों को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी कृषि उत्पाद को शामिल नहीं किया गया है. सभी ऐसे उत्पादों को डील से बाहर रखा गया है, उन्होंने स्पष्ट किया कि सोयाबीन, मक्का, चावल, गेहूं, चीनी, अनाज, पोल्ट्री, डेयरी, केले, स्ट्रॉबेरी, चेरी, खट्टे फल, हरी मटर, काबुली चना, मूंग, तिलहन, इथेनॉल और तंबाकू जैसे उत्पादों पर कोई भी टैरिफ छूट नहीं दी गई है.

फल और डेयरी उत्पाद अमेरिका के लिए बंद

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “हमारी प्रमुख फसलें, फल और डेयरी उत्पाद अमेरिका के लिए खुले नहीं हैं. कोई भी लिक्विड, पाउडर, क्रीम, दही, छाछ, मक्खन, घी, बटर ऑयल, पनीर या चीज भारत में आयात नहीं होंगे. हमारे मसाले पूरी तरह सुरक्षित हैं. भारत से कई कृषि उत्पाद अमेरिका को जीरो ड्यूटी पर एक्सपोर्ट किए जाएंगे, लेकिन अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारतीय बाजार में कोई छूट नहीं दी गई है.”

किसानों को पूरी तरह से टैरिफ छूट मिली

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “अमेरिका ने कई कृषि उत्पादों पर टैरिफ 50% से घटाकर शून्य कर दिया है. हमारे मसालों का एक्सपोर्ट 88% बढ़ गया है और अब हम इन्हें दुनिया भर के 200 देशों में भेज रहे हैं. किसानों को पूरी तरह से टैरिफ छूट मिली है. टेक्सटाइल सेक्टर में भारत का टैरिफ अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में काफी कम है. इस एग्रीमेंट से सेल्फ-हेल्प ग्रुप की महिलाओं की जिंदगी भी बेहतर होगी.”

शिवराज सिंह चौहान ने अपने बयान में डील की पूरी जानकारी देते हुए सरकार पर लग रहे आरोपों को खारिज किया, उन्होंने दोहराया कि सरकार ने किसानों के हितों को नुकसान पहुँचाने वाला कोई भी कदम नहीं उठाया है.

ये भी पढ़ें- Bastar Naxal Surrender : बस्तर में 51 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 1.61 करोड़ का था इनाम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button