Uttar Pradesh : हापुड़ पुलिस ने दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे NH-9 पर एक युवक द्वारा चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर अर्धनग्न हालत में खतरनाक स्टंट करने पर सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में यातायात पुलिस ने वाहन पर 21,500 रुपये का ऑनलाइन चालान काटा है।
राहगीर ने रिकॉर्ड किया वीडियो
यह घटना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार कार में युवक गाने बजाते हुए हंगामा कर रहा था। पीछे चल रहे किसी राहगीर ने इस पूरी हरकत का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू की। यातायात पुलिस ने इसे गंभीर ट्रैफिक उल्लंघन मानते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान जारी कर दिया।
तेज आवाज़ में म्यूजिक
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि कार हाईवे पर तेज गति से दौड़ रही है और युवक सनरूफ से बाहर निकलकर जोखिम भरे स्टंट कर रहा है। कार के अंदर तेज आवाज में म्यूजिक भी चल रहा था, जिससे स्थिति और भी खतरनाक बन गई।
मामले पर तत्काल की गई कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल चालक और यात्रियों के लिए बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती हैं। इसलिए ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है ताकि लोगों को सख्त संदेश दिया जा सके।
पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा
ट्रैफिक निरीक्षक नरेश कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर नियमों का पालन करें और किसी भी तरह के स्टंट या लापरवाही से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- पंजाब पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, भगवंत मान सरकार के ‘अपराध-मुक्त पंजाब’ मिशन में महिला पुलिस बनीं ढाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









