Uttar Pradesh

यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश का कहर, नदियां उफान पर, बाढ़ और लैंडस्लाइड से हालात बिगड़े

Heavy Rain Alert : देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बन गई है। उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना और शारदा समेत 11 प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। वाराणसी में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण 100 से अधिक छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के सभी 75 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

भूस्खलन से चार लोगों की मौत

अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली क्षेत्र में बादल फटने के बाद आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। यहां दो शेल्टर बह गए, जिसमें पांच सैन्यकर्मियों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, अपर सुबनसिरी इलाके में भूस्खलन की घटना में चार लोगों की मौत हो गई।

12 जिलों में भारी बारिश की संभावना

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा राजस्थान के 18 जिलों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बिलासपुर-सोलन सीमा क्षेत्र में लैंडस्लाइड के कारण 114 सड़कें बंद हो गई हैं। राज्य में 30 जून से अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 78 लोगों की मौत हो चुकी है।

ओडिशा में भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से 41 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बाढ़ से 429 गांव प्रभावित हुए हैं।

18 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में 18 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और कुछ स्थानों पर यह 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को मंगलवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। वहीं, 16 और 17 अगस्त को कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button