Goa Night Club Blast : उत्तर गोवा के अरपोरा इलाके में शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में आग लग गई। जिसमें 25 लोगों की मौत और 6 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। मरने वालों में 4 टूरिस्ट समेत क्लब स्टाफ के 18 की पहचान हो गई है। जबकि 7 लोगों की पहचान अभी होनी बाकी है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक क्लब में करीब 12 बजे सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया गया था। जिस कारण कुछ ही मिनटों में आग पूरे क्लब में फैल गई। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना के बाद पुलिस ने क्लब के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।
CM सावंत ने दिए जांच के आदेश
गोवा में लगी भीषण आग की घटना की जानकारी मिलते ही CM प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो फौरन घटनास्थल पर पहुंच गए। CM सावंत ने X पर कहा- मैं अरपोरा में हुई दुखद आग की घटना से उत्पन्न स्थिति की बारीकी से समीक्षा कर रहा हूं, जिसमें 25 लोगों की जान चली गई है और 6 घायल हुए हैं।
सभी छह घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिल रही है। मैंने पूरी घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि कारण का पता लगाया जा सके। CM ने कहा कि इस दुर्घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और पुलिस व प्रशासन मामले की जांच में जुट गई है।
BJP MLA ने उठाई मांग
BJP MLA माइकल लोबो ने कहा कि राज्य के सभी क्लबों का सेफ्टी ऑडिट करवाना जरूरी है। टूरिस्ट गोवा को एक सुरक्षित जगह मानते हैं, लेकिन ये घटना बहुत चिंताजनक है और आगे ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि टूरिस्ट और इन क्लबों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा अहम है।
PM मोदी ने X जताया दुख
PM मोदी ने X पर लिखा – गोवा के अरपोरा में आग लगने की घटना बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। गोवा के CM डॉ. प्रमोद सावंत जी से स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए कहा- नॉर्थ गोवा जिले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई जानें गई। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।
करीब 100 लोग डांस फ्लोर पर थे
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि आग लगते ही अंदर जोरदार भगदड़ मच गई। उस समय क्लब में वीकेंड पार्टी चल रही थी और करीब 100 लोग डांस फ्लोर पर थे। जैसे ही धुआं और लपटें दिखीं, कई लोग घबराकर नीचे की ओर भागे। आग ग्राउंड फ्लोर में बनी रसोई से क्लब के दूसरे हिस्सों में फैली। इसलिए सबसे ज्यादा शव किचन एरिया से मिले हैं। भागने की कोशिश में दो लोगों की मौत सीढ़ियों पर हुई।
ये भी पढ़ें- इंडिगो की छठे दिन भी 350 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल, सरकार का एक्शन, पैसा रिफंड करने के सख्त निर्देश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









