Punjab

’गैंगस्टरां ते वार’ का 15वां दिन, पंजाब पुलिस ने 666 स्थानों पर की छापेमारी, 163 व्यक्ति 2 हथियारों सहित गिरफ्तार

Gangstran Te Vaar : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक मुहिम ’गैंगस्टरां ते वार’ के 15वें दिन आज पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिह्नित और मैप किए गए 666 ठिकानों पर छापेमारी की।

पंजाब को बनाना है गैंगस्टर मुक्त राज्य

जानकारी के मुताबिक, ’गैंगस्टरां ते वार’- पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक जंग है, जिसकी शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के पूर्ण समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष कार्रवाइयां कर रही हैं।

दो हथियार बरामद किए

15वें दिन, पुलिस टीमों ने 163 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो हथियार बरामद किए, जिसके साथ मुहिम की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 4,396 हो गई है। इसके अलावा, 141 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 255 व्यक्तियों को तफ्तीश और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान चार भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।

एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर

उन्होंने कहा कि लोग गुप्त रूप से वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर-93946-93946 के माध्यम से रिपोर्ट कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों की सूचना/जानकारी साझा कर सकते हैं।

‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ 339वें दिन भी जारी

इस दौरान, पुलिस टीमों ने अपनी नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ को 339वें दिन भी जारी रखा, जिसके तहत आज 143 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 12.2 किलोग्राम हेरोइन, 12 किलोग्राम गांजा और 2412 नशीली गोलियाँ/कैप्सूल बरामद किए गए। इसके साथ ही मात्र 339 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 47,435 हो गई है। नशा छुड़ाऊ मुहिम के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 40 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राज़ी किया है।

ये भी पढ़ें- Jammu-Kashmir : उधमपुर में जैश का एक आतंकी ढेर, 2-3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button