मनोरंजन

बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार ‘काका’ ने बनाया हिट फिल्मों का रिकॉर्ड, आज तक कोई नहीं तोड़ सका

Entertainment News: राजेश खन्ना, जिन्हें प्यार से ‘काका’ कहा जाता है, हिन्दी सिनेमा के पहले सुपरस्टार माने जाते हैं। भले ही आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके अभिनय, स्टारडम और फैंस की दीवानगी ने उन्हें अमर बना दिया है। उन्होंने भारतीय फिल्म उद्योग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। राजेश खन्ना का फिल्मी सफर 1966 में फिल्म आखिरी खत से शुरू हुआ। यह फिल्म भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजी गई थी। अपने 46 साल लंबे करियर में उन्होंने 180 से अधिक फिल्मों में काम किया और कई अनोखे रिकॉर्ड बनाए।

1969 से 1976 के बीच राजेश खन्ना का स्टारडम अपने चरम पर था। उनकी लोकप्रियता इतनी थी कि फैंस उनकी गाड़ी की धूल तक संभाल कर रखते थे। इस दौर में उन्होंने 15 सोलो हिट्स और 2 मल्टीस्टार हिट्स के साथ लगातार 17 हिट फिल्मों का अनोखा रिकॉर्ड बनाया, जो आज तक कोई नहीं तोड़ सका।

राजेश खन्ना और मुमताज की जोड़ी

उनकी और मुमताज की जोड़ी को आज भी बॉलीवुड की सबसे सफल रोमांटिक जोड़ियों में गिना जाता है। दोनों ने साथ में 8 फिल्मों में काम किया और सभी फिल्में हिट रहीं। मुमताज ने खुद स्वीकारा था कि राजेश खन्ना उन्हें किसी और हीरो के साथ काम करने नहीं देते थे।

राजेश खन्ना ने 74 गोल्डन जुबली और 22 सिल्वर जुबली हिट फिल्में दीं। उनकी आराधना, आनंद, अमर प्रेम, कटी पतंग, और सफर जैसी फिल्मों को आज भी याद किया जाता है। 1969 से 1987 तक वह बॉलीवुड के सबसे अधिक फीस पाने वाले अभिनेता रहे। आराधना के बाद उन्होंने अपनी फीस 4.5 लाख रुपए कर दी थी, जो उस समय बड़ी रकम मानी जाती थी।

राजेश खन्ना की कुल 106 सोलो हीरो वाली फिल्में उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि हैं। उनका योगदान न केवल हिंदी सिनेमा के लिए बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास के लिए भी अद्वितीय है। उनकी शानदार फिल्मों और रिकॉर्ड्स ने उन्हें सिनेमा का बेजोड़ सितारा बना दिया।

यह भी पढ़ें : मानवाधिकार आयोग ने भास्कर जोशी के शिकायत पत्र का लिया संज्ञान, जारी किया आदेश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button