Uttar Pradesh

देशभर में ईद का जश्न, दिल्ली-मुंबई की मस्जिदों में उमड़े नमाजी

समूचे देश में आज ईद का जश्न है। इस मौके पर लोग एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए सुबह से ही लोग इकट्ठा हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद की बधाई दी है। दिल्ली के जामा मस्जिद के शाही ईमाम और लखनऊ में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शुक्रवार की शाम चांद के दीदार के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर का ऐलान किया था।

दिल्ली में डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद और बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ईद-उल-फितर के अवसर पर संसद मार्ग मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे। यहां आजाद और शहनवाज हुसैन ने नमाज पढ़ी। दोनों नेताओं ने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी है।महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी है। शनिवार सुबह मुंबई की माहिम दरगाह में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इसके बाद एक-दूसरे के गले लगकर खुशियां मनाई।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ईद को लेकर लोगों में जश्न है। शनिवार सुबह सबसे पहले भोपाल के ईदगाह में नमाज पढ़ी गई, इसके बाद शहर के अन्य दूसरी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। शुक्रवार की शाम भोपाल के शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने चांद दिखने के बाद ईद मनाने का ऐलान किया था। मस्जिदों से आतिशबाजी की गई थी।

Related Articles

Back to top button