बड़ी ख़बरविदेश

ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, भारत की तरफ से विदेश मंत्री होंगे शामिल

Donald Trump Oath Ceremony : डोनाल्ड ट्रंप आज अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। साथ ही ट्रंप के अलावा जेडी वेंस भी उपराष्ट्रपति की शपथ लेंगे। इसके अलावा अमेरिका के चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स उन्हे पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण को लेकर तैयारिया जोरों पर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में कई नामचीन शख्सियतें शामिल होने जा रही हैं। वहीं अमेरिकी इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह ग्रैंड स्तर पर हो रहा है। भारत सरकार की तरफ से विदेश मंत्री एस. जयशंकर इसमे शामिल होंगे।

वहीं यह बताया जा रहा है कि शपथ लेने के बाद ट्रंप व्हाइट हाउस पहुंचते ही 100 फाइलों पर साइन कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप जिन 100 फाइलों पर अपने कार्यकाल के पहले दिन ही साइन करेंगे। उनमें से अधिकतर ऐसे चुनावी वादे हैं, जिन्हें ट्रंप पूरा करेंगे। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह कार्यकाल के पहले ही दिन रिकॉर्ड बनाने की योजना बना रहे हैं। वह इस दिन रिकॉर्ड संख्या में आदेश जारी करेंगे। इस बार अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में करीब 700 मेहमानों के सामने ट्रंप शपथ लेंगे।

इन देशों के राष्ट्रध्यक्ष होंगे शामिल

बताते चलें कि ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। जिनमें चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई, इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ, अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले, ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो, हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान, पोलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री माटेउज मोराविक और ब्रिटेन की दक्षिणपंथी पार्टी रिफॉर्म पार्टी के नेता नाइजल फराज शामिल होंगे। इसके अलावा अमेरिका के पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन से लेकर बराक ओबामा और जॉर्ज डब्ल्यू बुश भी शामिल होंगे।

दुनिया के अरबपति लोग भी आएंगे नजर

शपथ ग्रहण समारोह में कई कारोबारी भी नजर आएंगे। भारत से रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी शामिल होंगी। वहीं ट्रंप की कैबिनेट में शामिल अरबपति कारोबारी एलॉन मस्क के साथ-साथ अमेजॉन के सीईओ जेफ बेजोस, मेटा सीईओ मार्क जकरबर्ग, एप्पल के टिम कुक, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन और टिकटॉक के प्रमुख शाउ जी च्यू भी इस शपथ के गवाह बनेंगे।

समारोह में क्या होगा खास?

एक रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप के शपथ ग्रहण को भव्य बनाने के लिए 17 करोड़ डॉलर का चंदा इकट्ठा किया गया है। नियम के मुताबिक सबसे पहले जेडी वेंस उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। इसके बाद ट्रंप राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।

वहीं शपथ ग्रहण से पहले म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी होगी। इस मौके पर परेड भी निकाली जाएगी। बताया जा रहा है की कड़ाके की ठंड की वजह से इस बार शपथ ग्रहण समारोह कैपिटल हिल के भीतर कैपिटल रोटुंडा में होगा।

जानकारी के लिए बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपतियों की शपथ में सिर्फ 35 शब्द होते हैं। इसके अलावा ट्रंप दो बाइबल पर हाथ रखकर राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। एक बाइबल उनकी मां ने 1955 ने उन्हें दी थी, जिस पर हाथ रखकर वह पद की शपथ लेंगे। इसी तरह दूसरी लिंकन की बाइबल है। वेलवेट के कपड़े में ढकी इस बाइबल पर 1861 में अब्राहम लिंकन ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी।

यह भी पढ़ें : महाकुंभ मेला क्षेत्र में सिलेंडर फटने से कई टेंट जले, दमकल और NDRF ने आग पर पाया काबू, अखिलेश यादव ने साधा निशाना

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button