Delhi Weather : दिल्ली-NCR में तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है. हालांकि, 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आने और तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है.
मंगलवार शाम दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी तेज आंधी चली, जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता काफी कम हो गई. इस दौरान IMD ने पूरे क्षेत्र में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. तेज पश्चिमी–उत्तर-पश्चिमी हवाओं के साथ पालम स्टेशन पर हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई, जो 4 जून 2001 के रिकॉर्ड के बराबर बताई जा रही है.
44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
9 जून को राजधानी में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रिज क्षेत्र में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कुछ इलाकों में यह 44 डिग्री से ऊपर पहुंच गया. रिज में अधिकतम 44.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 44.0, पालम में 43.8, अयानगर में 43.6 और सफदरजंग में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. रात के समय भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिली.
पिछले 24 घंटों में तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस अवधि में न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहा. कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री कम, कुछ स्थानों पर 1.6 से 3.0 डिग्री अधिक और अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य सीमा के आसपास दर्ज किया गया.
तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
IMD का अनुमान है कि बुधवार (10 जून) को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. सतही हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि दिन के समय इनकी गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश या तूफान आने की भी संभावना जताई गई है.
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में लगभग 1 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है. 10 जून को मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, जबकि 12 जून तक तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जिसके बाद फिर से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
IMD की लोगों को सलाह
बढ़ती गर्मी को देखते हुए IMD ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. साथ ही हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने तथा अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी गई है.
ये भी पढ़ें – अंधविश्वास के चलते भीड़ का खूनी तांडव, पत्नी को ‘डायन’ बताने पर बचाने आए पति की हत्या
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









