
Delhi Weather : दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। शनिवार के दिन 8.6 और शुक्रवार को 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।
राजधानी दिल्ली में बीते आठ वर्षों में पहली बार 26 जनवरी को मौसम सबसे गर्म रहा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले 26 जनवरी 2017 को राजधानी में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले कुछ सालो में 26 जनवरी को दिल्ली के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव आया है।
कोई असर नहीं पड़ा
मौसम विभाग ने दिल्ली में लगातार सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किए जाने का कारण साफ आसमान और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं बताया। वहीं स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने के बावजूद दिन में धूप खिलने के कारण दिल्ली में अधिकतम तापमान पर कोई असर नहीं पड़ा है।
न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री
साफ आसमान रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट आई है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। इससे पहले शनिवार को 8.6 डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार को 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।
24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि 28 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के इस क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और वृद्धि होगी। मौसम विभाग के मुताबिक हफ्ते तक न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
एक्यूआई 174 दर्ज किया गया
वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई 216 रहा जो खराब श्रेणी में आता है। शनिवार के दिन एक्यूआई 174 दर्ज किया गया था। राजधानी दिल्ली के लिए प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ईडब्ल्यूएस के मुताबिक 27 और 28 जनवरी को एक्यूआई का स्तर खराब रहने का अनुमान है। 29 जनवरी तक यह और अधिक खराब श्रेणी में चला जाएगा।
यह भी पढ़ें : जीतन राम मांझी ने की आचार्य किशोर कुणाल को भारत रत्न देने की मांग, बताई वजह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप