
Delhi News : गणतंत्र दिवस के लिए दिल्ली में मेट्रो सुबह तीन बजे से चलेगी। डीएमआरसी ने यात्रियों से यात्रा पहले से प्लान करने और शुरुआती सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली मेट्रो सुबह तीन बजे से अपनी सेवाएं शुरू करेगी। यह कदम लोगों को कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने में सुविधा प्रदान करने के लिए उठाया गया है। यह जानकारी डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने दी।
तीस-तीस मिनट के अंतराल पर चलेंगी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक सुबह छह बजे तक मेट्रो तीस-तीस मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद पूरे दिन नियमित समय के अनुसार मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और मेट्रो की शुरुआती सेवाओं का लाभ उठाकर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें। अनुज दयाल ने बताया कि इस विशेष व्यवस्था के माध्यम से डीएमआरसी ने यह सुनिश्चित किया है कि लोग गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा बन सकें और अपने गंतव्य तक समय से पहुंच सकें।
सीमाओं पर प्रवेश प्रतिबंधित
वहीं दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए यातायात परामर्श जारी करते हुए प्रतिबंधित रास्तों के साथ मार्ग परिवर्तन के बारे में भी जानकारी दी है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात डीके गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि शनिवार शाम से शहर की सीमाओं पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
प्रतिबंध परेड समाप्त होने तक लागू
दिल्ली पुलिस ने एक विस्तृत यातायात योजना बनाई है जिसके अनुसार शनिवार 25 जनवरी रात 9.00 बजे से सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और केवल आवश्यक वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। यह प्रतिबंध परेड समाप्त होने तक लागू रहेगा।
वहीं विजय चौक से लाल किले तक परेड मार्ग की तरफ जाने वाली सड़कों पर भी मार्ग परिवर्तन रहेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार रात 9:15 बजे के बाद सी-हेक्सागन पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी। सुबह 9:30 बजे इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर समारोह होगा।
यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में राज्य सरकार का बड़ा फैसला, उज्जैन समेत 17 शहरों में शराबबंदी का किया ऐलान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप