राष्ट्रीय

चक्रवाती तूफान अर्नब ने मचाई तबाही, कई पुल टूटे, NH-326 बंद, कई राज्यों में अलर्ट

Cyclone Arnab : ओडिशा के मलकानगिरी जिले में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर दिखाई दे रहा है. लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले में हालात बिगड़ गए हैं. कई इलाकों में जलभराव हो गया है, पेड़ उखड़ गए हैं और कुछ पुलों को नुकसान पहुंचा है. इसके चलते कई क्षेत्रों का आपसी संपर्क टूट गया है.

मलकानगिरी में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं. कांकुरुकोंडा, कन्याश्रम, एमवी-90 और एमवी-96 पुलों के ऊपर तीन से चार फीट तक बाढ़ का पानी बह रहा है. पानी भरने के कारण मलकानगिरी और कालीमेला, मोटू और पोडिया के बीच संपर्क प्रभावित हो गया है. प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुलों के पास पुलिस तैनात कर दी है.

नेशनल हाईवे-326 बंद, सैकड़ों वाहन फंसे

भारी बारिश के कारण जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर भी पानी भर गया है. जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से हाईवे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया है. हाईवे बंद होने के कारण कई जगहों पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं. इसके अलावा तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने से कई सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ है.

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए मलकानगिरी में दो दिन का रेड अलर्ट जारी किया है. मलकानगिरी के एडीएम बेदाबर प्रधान ने बताया कि अगले कुछ घंटे और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने हालात से निपटने के लिए पूरी तैयारी की है. चक्रवात के कारण जिले में आपसी संपर्क भी प्रभावित हुआ है, उन्होंने बताया कि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और चेन्नई से आने वाले कई वाहन फंसे हुए हैं. प्रशासन और पंचायतों की ओर से प्रभावित लोगों तक भोजन और जरूरी सामग्री पहुंचाई जा रही है.

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के लिए जारी किए निर्देश

ओडिशा सरकार में मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने कहा कि चक्रवात और भारी बारिश को देखते हुए सात जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं.

इससे पहले बालासोर में भी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ. फायर सर्विस की टीम ने गिरे हुए पेड़ों को हटाया. रेमुना इलाके में बुधवार को एक घर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हुआ.

फायर ऑफिसर अजय ने बताया कि बांकेश्वर में तीन जगहों पर पेड़ गिरे, जिनमें से दो पेड़ घरों पर गिर गए थे. लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बालासोर के सभी फायर स्टेशन को अलर्ट पर रखा गया है. 12 स्टेशनों पर एक-एक नाव और चार अतिरिक्त नावों को स्टैंडबाय पर रखा गया है.

ये भी पढ़ें – UP के माध्यमिक विद्यालयों को मिले 3,567 नए शिक्षक, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button