
नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में महिला से अभद्रता करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मेरठ से गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। श्रीकांत त्यागी पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी अपनी अकड़ से बाज नहीं आया।
जब गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। तब उसने मास्क से अपने मुंह को ढक रखा था। कमिश्नर ने एक पुलिसकर्मी को इशारा कर उसका मास्क हटाने को कहा। जैसे ही पुलिसकर्मी ने उसका मास्क हटाने की कोशिश की,वैसे ही श्रीकांत ने उसे मना कर अपने आप मास्क हटाया और तुरंत लगा भी लिया। पुलिस कस्टडी में और कमिश्नर के सामने श्रीकांत की अकड़ वाली बॉडी लैंग्वेज साफ बता रही थी कि उसपर रसूख और पावर का घमंड किस तरह हावी है।
वहीं श्रीकांत त्यागी को पकड़ने के लिए मन में एक और सवाल भा उठता है कि पुलिस ने आखिर वो कौन सा पैंतरा आजमाया जिससे वो उनकी गिरफ्त में आया। या त्यागी खुद पुलिस को टिप देकर सरेंडर हो गया? ऐसे में पुलिस सूत्रों से बात की तो उन्होंने बताया कि कैसे उसको पकड़ा गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फरारी के दौरान आरोपी लगातार पत्नी अनु त्यागी और अपने वकील के संपर्क में बना हुआ था। दूसरे मोबाइल नंबर से वह दोनों से बातचीत कर रहा था और सलाह ले रहा था। यहीं से श्रीकांत त्यागी की तलाश में जुटी यूपी पुलिस को लीड मिली और उसे धर दबोचा
इधर, पुलिस ने आरोपी श्रीकांत त्यागी की एक और कार बरामद की है। इस गाड़ी पर यूपी विधानसभा का स्टीकर लगा हुआ है। इतना ही नहीं, कार पर बीजेपी का झंडा भी लगा है। पुलिस ने अब तक पांच कारें बरामद की हैं, जिसमें दो फॉर्च्यूनर, दो सफारी और एक होंडा सिविक शामिल है। इसमें से कुछ त्यागी के नाम पर और कुछ उसकी पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड हैं।