CM मनोहर लाल ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व CM वीरभद्र सिंह के निधन पर जताया दु:ख, बोले- राजनीति के एक युग का अंत हो गया

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री (Chief Minister) मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री (Chief Minister) वीरभद्र सिंह (Virbhadra Singh) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
वीरभद्र सिंह 87 साल के थे और लंबी बीमारी से जूझने के बाद आज (गुरूवार) की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। सीएम मनोहर लाल ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम के निधन पर शोक संदेश जारी कर कहा कि वरिष्ठ राजनेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और देवभूमि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जी का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से राजनीति के एक युग का अंत हुआ है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने व शोकाकुल परिजनों को इस अथाह दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। गौरतलब है कि वीरभद्र सिंह 6 बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके साथ ही वे 09 बार विधायक और पांच बार सांसद भी चुने गए थे।