भोपाल: कमला नेहरू हॉस्पिटल में लगी भयावह आग, 4 बच्चों की मौत, CM शिवराज ने जताया दुख

भोपाल: भोपाल के हमीदिया अस्पताल परिसर में कमला नेहरू गैस राहत हास्पिटल के चिल्ड्रन वार्ड में आग लगने से 4 बच्चों की मौत हो गई। इसमें 3 बच्चों की मौत दम घुटने से हुई है। सूत्र के मुताबिक करीब एक दर्जन से अधिक नवजात झुलस गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कमला नेहरू हॉस्पिटल में लगी भयावह आग
आग कमला नेहरू बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित पीडियाट्रिक विभाग में रात करीबन 9 बजे लगी थी। वार्ड में कुल 40 बच्चे भर्ती थे, जिसमें से 36 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंचे और तीन घंटे की मशक्कत के बाद देर रात साढ़े 12 बजे आग पर काबू पाया गया।
इस वार्ड में आग किन कारणों से लगी इसका पता नहीं चल पाया है। बच्चों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बहरहाल , घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। जांच एसीएस लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मोहम्मद सुलेमान करेंगे।
सूचना मिलते ही चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी अस्पताल पहुँचे और परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 3 बच्चों की मौत की जानकारी दी थी। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
CM शिवराज ने जताया दुख
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग लगने की घटना को अत्यंत दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम और बचाव कर्मी मौके पर हैं। घटना पर मेरी निरंतर नजर है। संबंधित अधिकारी निरंतर मेरे संपर्क में हैं। आपदा प्रबंधन के सारे उपाय किए जा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन को बच्चों की समुचित देखभाल के निर्देश दिए गए हैं। वार्ड में बचाव कार्य तेजी से जारी है।