Aligarh News: बिन मौसम बारिश से किसानों की बढ़ी परेशानी, नष्ट हुई फसलें

Aligarh News: पिछले कई दिन से बिगड़ रहे मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तीन दिन से रोजाना कहीं न कहीं बारिश होने के साथ ही ओलावृष्टि हो रही है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
करीब एक घंटे तक हुई बारिश से इगलास, जवां, हरदुआगंज एवं अतरौली क्षेत्र मे किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। उधर, प्रशासन ने फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराना शुरू कर दिया है। मौसम में पिछले कई दिन से बदलाव आ रहा है। कभी तेज धूप निकल रही है तो कभी आसमान में बादल छा रहे हैं। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें छायी हुई हैं।
बारिश के चलते खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान
करीब साढ़े तीन बजे से घंटे भर तक बारिश होती रही। इससे मौसम में ठंडक आ गई। बारिश के चलते खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर फसल बिछ गई है। सरसों की कटी फसल भी बारिश में भीग गई है। आलू की खोदाई भी इससे प्रभावित हुई है।
बारिश के चलते मौसम में भी ठंडक आ गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है। मौसम में पिछले कई दिन बदलाव देखने को मिल रहा है। होली से पहले ही मौसम में काफी गर्मी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने 21 मार्च तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञानी डॉ. रामपलट सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा। जो सामान्य से तीन कम रहा। न्यूनतम तापमान 17.6 रहा जो सामान्य से दो अधिक रहा। उन्होंने बताया कि 21 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। उधर, एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ठ ने बताया कि बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सभी तहसीलों के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है।
अलीगढ से संदीप शर्मा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: Aligarh में NGT के नियमों को भट्टा मालिकों ने दिखाया ठेंगा, SDM ने कसा शिकंजा