Other Statesराजनीतिराज्य

गोवा में AAP की ‘म्हारगाई मुक्ति यात्रा’ शुरू, आतिशी ने किया 6 बड़ी गारंटियों का ऐलान

Goa Politics  : आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को गोवा के कैनाकोना तालुका में अपनी ‘म्हारगाई (महंगाई) मुक्ति यात्रा’ शुरू की। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई इस यात्रा के जरिए पार्टी ने महंगाई, भ्रष्टाचार और दलबदल के मुद्दे उठाए हैं। AAP ने गोवा के प्रत्येक परिवार को हर महीने 15,000 रुपये के लाभ देने का वादा किया है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP की गोवा प्रभारी आतिशी ने संविधान दिवस के अवसर पर यात्रा को हरी झंडी दिखाई।

मल्लिकार्जुन मंदिर से शुरू हुई यात्रा, दक्षिण से उत्तर गोवा तक पहुंचेगी

यात्रा की शुरुआत कैनाकोना स्थित ऐतिहासिक मल्लिकार्जुन मंदिर में प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद रोड शो आयोजित किया गया। इस मौके पर AAP गोवा इकाई के अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक, बेनोलिम के विधायक कैप्टन वेन्जी विएगास और पार्टी की अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेश गांवकर समेत कई नेता मौजूद रहे।

यह यात्रा दक्षिण गोवा से शुरू होकर उत्तर गोवा तक जाएगी। पार्टी नेताओं के मुताबिक, अभियान के दौरान आम लोगों और परिवारों से मुलाकात कर महंगाई के कारण उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को समझा जाएगा। साथ ही पार्टी अपनी चुनावी गारंटियों को भी लोगों तक पहुंचाएगी।

गोवा वालों के पैसों से विधायक खरीद रही BJP: आतिशी

यात्रा की शुरुआत के दौरान आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा गोवा के लोगों के पैसों का इस्तेमाल विधायक खरीदने में कर रही है। उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार और दलबदल को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए।

AAP नेताओं ने कहा कि बिजली, ईंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन और रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों ने गोवा के आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा दिया है। पार्टी इसी मुद्दे को लेकर राज्यभर में लोगों के बीच जाएगी।

हर परिवार को हर महीने 15 हजार रुपये के लाभ देने का वादा

सभा को संबोधित करते हुए AAP गोवा इकाई के अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक ने कहा कि बिजली, ईंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।

वहीं, आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की गारंटियों से परिवारों को बढ़ती महंगाई के बोझ से राहत मिलेगी। पार्टी ने प्रत्येक परिवार को हर महीने 15,000 रुपये के लाभ देने का वादा किया है।

AAP की छह गारंटियों में मुफ्त बिजली और महिलाओं को 3 हजार रुपये देने का वादा

आम आदमी पार्टी ने गोवा के लोगों के लिए छह प्रमुख गारंटियों की घोषणा की है। इनमें 300 यूनिट मुफ्त बिजली, प्रत्येक महिला को हर महीने 3,000 रुपये, 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शामिल हैं।

इसके अलावा पार्टी ने हर गांव में खेल मैदान बनाने और धारा 39A को खत्म करने का भी वादा किया है। AAP नेताओं का कहना है कि यात्रा के जरिए इन घोषणाओं को राज्य के हर हिस्से तक पहुंचाया जाएगा।

बिजली बिल जलाकर लोगों ने जताया विरोध

यात्रा के पहले दिन बढ़ती बिजली दरों के खिलाफ लोगों ने अपने बिजली बिल जलाकर विरोध जताया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने बिजली बिल जलाए और कहा कि जब तक AAP की सरकार बिजली मुफ्त नहीं करती, तब तक वे बिजली बिल जमा नहीं करेंगे।

यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने डायलिसिस के मरीजों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। पहले दिन के कार्यक्रम का समापन एक आदिवासी परिवार के घर रात्रि प्रवास के साथ हुआ।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि ‘महंगाई मुक्ति यात्रा’ का उद्देश्य गोवा के आम लोगों की समस्याओं को सामने लाना और उन्हें पार्टी की प्रस्तावित योजनाओं से अवगत कराना है।

ये भी पढ़ें –

Related Articles

Back to top button