
Food Warning Labels : पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में मौजूद चीनी, नमक और फैट की अधिक मात्रा से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) नियमों को सख्त बनाने को कहा है। इसके तहत खाने-पीने की पैकेट वाली चीजों पर स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्राहक उत्पाद खरीदने से पहले उसकी पोषण संबंधी जानकारी समझ सकें।
पैकेट के सामने दिखेगा ‘हाई शुगर’, ‘हाई फैट’ और ‘हाई सॉल्ट’ का निशान
जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने निर्देश दिया है कि पैकेट के अगले हिस्से पर ‘एडेड शुगर’ और ‘एडेड फैट’ के बजाय ‘टोटल शुगर’ और ‘सैचुरेटेड फैट’ को नमक के साथ प्रमुख चिंता वाले पोषक तत्वों के रूप में दर्शाया जाए।
कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, प्रत्येक संबंधित चेतावनी के लिए छह कोनों वाला षट्कोण निशान होना चाहिए। इसमें संबंधित पोषक तत्व की तस्वीर के साथ ‘हाई फैट’, ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्ट’ जैसे स्पष्ट शब्द लिखे जाने चाहिए। इससे उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों में मौजूद हानिकारक तत्वों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
FSSAI और केंद्र सरकार को नियम सख्ती से लागू करने के निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग में कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को नमक के साथ प्रमुख चिंता वाले पोषक तत्वों के रूप में शामिल किया जाए।
इसके साथ ही न्यायालय ने केंद्र सरकार को खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और प्रदर्शन) विनियम, 2020 सहित मौजूदा नियमों को पूरी सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।
क्या होगा सुप्रीम कोर्ट के इस निर्देश का आम लोगों पर असर?
सुप्रीम कोर्ट के इस निर्देश का उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी जोखिमों के प्रति जागरूक करना है। अब पैकेट के सामने ही चेतावनी चिह्न दिखाई देने से ग्राहकों को यह समझने में आसानी होगी कि किसी उत्पाद में चीनी, नमक या फैट की मात्रा अधिक है या नहीं।
इससे लोग खाद्य पदार्थ खरीदते समय अधिक जागरूक होकर फैसला ले सकेंगे और अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए बेहतर खान-पान के विकल्प चुन पाएंगे। खासतौर पर बच्चों और परिवारों के लिए पैकेटबंद खाद्य पदार्थों का चयन करते समय यह जानकारी उपयोगी साबित हो सकती है।
ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का 309वां दिन: पंजाब पुलिस ने 585 ठिकानों पर की छापेमारी, 249 गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









