Punjabराज्य

‘मेरी रसोई’ योजना को मिली रफ्तार, दूसरी तिमाही में 32 लाख से अधिक परिवारों को मिली राशन किट

Meri Rasoi Scheme : पंजाब सरकार द्वारा राज्य के पिछड़े वर्गों के परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपनी राशन किट वितरण मुहिम ‘मेरी रसोई’ में तेजी लाई गई है। इस मुहिम के तहत दूसरी तिमाही के दौरान अब तक 32 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक तिमाही अर्थात हर तीन महीने बाद पंजाब भर में कुल 40 लाख पात्र परिवारों को राशन किटें उपलब्ध करवाना है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक के नेतृत्व में इस पहल के तहत राशन किटों का वितरण मिशन मोड में किया जा रहा है।

राशन किट में शामिल हैं जरूरी खाद्य सामग्री

उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को एक राशन किट दी जाएगी, जिसे परिवार की खाद्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है। इस किट में मासिक खपत के लिए दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। ये राशन किटें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत पात्र लाभार्थियों को पहले से वितरित की जा रही गेहूं के अतिरिक्त प्रदान की जा रही हैं।

ये राशन किटें मार्कफेड द्वारा तैयार की जाती हैं, जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा राज्यभर में वितरण नेटवर्क की निगरानी की जाती है।

राशन किट वितरण में लुधियाना पहले और पटियाला दूसरे स्थान पर

अब तक वितरित की गई 32 लाख से अधिक राशन किटों में से लुधियाना 3,91,645 किटों के वितरण के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि पटियाला 2,41,933 किटों के साथ दूसरे, अमृतसर 2,13,562 किटों के साथ तीसरे, बठिंडा 1,94,723 किटों के साथ चौथे और होशियारपुर 1,76,136 किटों के वितरण के साथ पांचवें स्थान पर रहा।

इन राशन किटों के वितरण का उद्देश्य मुख्य खाद्यान्नों के साथ आवश्यक प्रोटीन, खाना पकाने का तेल और मसाले उपलब्ध करवाना है, जिससे योजना के तहत आने वाले परिवारों के लिए बेहतर एवं पौष्टिक आहार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोहरी प्रविष्टियों को रोकने और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और स्थानीय अधिकारियों द्वारा इस योजना की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आपसी तालमेल से काम किया जा रहा है।

यह योजना प्रत्येक पात्र परिवार के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गेहूं वितरण के साथ इन राशन किटों को शामिल करके भूख और पोषण, दोनों समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें – आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, रिहाई का आदेश रद्द; एक महीने में करना होगा सरेंडर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button