
Delhi Gang Rape Case : देश की राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक 22 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना एक कैफे से जुड़ी बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब तक दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
देर रात कैफे में हुई शराब पार्टी
पुलिस को दिए गए बयान में युवती ने बताया कि 24 नवंबर की रात वह सात अन्य लोगों के साथ प्रीत विहार स्थित एक कैफे पहुंची थी। रात करीब 11:30 बजे कैफे बंद था, लेकिन वहां मौजूद लोगों में से एक के पास उसकी चाबी थी। इसके बाद कैफे खोला गया और सभी ने वहां शराब पार्टी की।
बताया गया है कि पार्टी खत्म होने के बाद सभी लोग सुबह करीब साढ़े तीन बजे कैफे से बाहर निकले। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। उसने यह भी दावा किया कि घटना में कुछ अन्य लोगों ने आरोपियों की मदद की थी।
दो महिलाओं और एक पुरुष की गिरफ्तारी
शिकायत सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने गैंगरेप से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य तीन संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद दोस्त के पास गई थी युवती
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद पीड़िता सीधे थाने नहीं पहुंची थी। वह दो अन्य युवतियों के साथ अपने एक दोस्त के पास चली गई थी। इस दौरान की कुछ गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस को मिले फुटेज में कुछ लोग एक गाड़ी से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इसके बाद सुबह करीब 5:45 बजे युवती थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर लिया है। इसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत के समक्ष भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज और बयानों के आधार पर जांच
पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इसके लिए कैफे में मौजूद लोगों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और पीड़िता की शिकायत को आधार बनाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें – उत्तर भारत में कोहरे का असर, दिल्ली में गिरा पारा; दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







