Uttar Pradesh

सपा के साथ सम्मानजनक सीट बंटवारे के पक्ष में राहुल गांधी, बोले- ‘INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण सहयोगी…’

UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई. इसमें राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर साफ कहा कि समझौता सम्मानजनक होना चाहिए. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना होगा और समाजवादी पार्टी INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण सहयोगी है.

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद और यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे.

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे और गठबंधन से जुड़े दूसरे मुद्दों पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है. इसमें प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है. यह कमेटी अखिलेश यादव के साथ समन्वय स्थापित करेगी और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेगी.

INDIA गठबंधन के साथ मजबूत विकल्प देंगे

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की, उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.

खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे. प्रदेश की जनता सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है, उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस INDIA गठबंधन के साथ मिलकर जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी.

181 सीटों की मांग और स्वामी प्रसाद मौर्य पर पेच

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे के अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने को लेकर भी मतभेद सामने आए हैं. पिछले दिनों अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस ने 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है. वहीं, अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं. राहुल गांधी से मौर्य की मुलाकात के बाद उनके गठबंधन में शामिल होने की चर्चाएं शुरू हुई थीं.

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का चुनावी प्रदर्शन पिछले दो विधानसभा चुनावों में कमजोर रहा है. 2017 के चुनाव में पार्टी को 6.25 प्रतिशत वोट मिले थे और सात सीटों पर जीत हासिल हुई थी. वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस केवल दो सीटें जीत सकी थी और उसका वोट प्रतिशत घटकर 2.33 रह गया था.

अब 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे पर होने वाली बातचीत पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button