UP News : उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक नया गठबंधन मैदान में उतर गया है. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान किया है. गुरुवार को लखनऊ में दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस नए राजनीतिक मोर्चे की घोषणा की. चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया गया है. दोनों दलों ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.
इस गठबंधन का मुख्य फोकस दलित और मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं पर है. ओवैसी और चंद्रशेखर दोनों ने इसे वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने वाला मंच बताया है. ओवैसी ने कहा कि यह मोर्चा बीजेपी को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा.
वहीं, चंद्रशेखर ने कहा कि यह केवल तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की लड़ाई है. उनके मुताबिक, यह मंच उन लोगों की आवाज बनेगा जो लंबे समय से अपने अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
राजभर ने बताया सपा-बसपा के लिए जहर
गठबंधन के ऐलान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं. योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इसे सपा और बसपा के लिए जहर बताया. वहीं, सपा सांसद मोहिबुल्ला नदवी ने कहा कि यूपी के लोगों को बाहरी नेताओं पर भरोसा नहीं है और इस गठबंधन से समाजवादी पार्टी कमजोर नहीं होगी.
कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को गठबंधन बनाने का अधिकार है, उन्होंने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां ओवैसी के चुनाव लड़ने से बीजेपी को फायदा हुआ था.
2027 के चुनाव में किस पर पड़ेगा असर?
इस नए मोर्चे के सामने अब अपनी राजनीतिक पकड़ को वोट में बदलने की चुनौती होगी. इसका असर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और बीजेपी के चुनावी समीकरणों पर कितना पड़ेगा, यह आने वाले समय में साफ होगा. फिलहाल उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नया राजनीतिक विकल्प सामने आ चुका है.
ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दिल्ली-NCR में महंगा हुआ दूध, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, जानिए नए रेट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









