Sanjay Raut : महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस के अभिजीत वंजारी की जीत के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी को अपनी हार पर आत्ममंथन करना चाहिए, उन्होंने दावा किया कि पार्टी को कई ऐसे क्षेत्रों में हार मिली है, जिन्हें उसका मजबूत गढ़ माना जाता रहा है.
संजय राउत ने कहा, “कल मोदी जी बहुत खुश हो गए थे, उन्हें तो जैसे हर्षवायु हो गया था. अपनी सीटें चली गईं, इसका दुख कम और इस बात की खुशी ज्यादा थी कि कांग्रेस को सीटें नहीं मिलीं, लेकिन राजनीति में संयम रखना जरूरी होता है.”
नागपुर से पुणे तक हार पर बीजेपी को घेरा
राउत ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी और महायुति को आत्मचिंतन करने की जरूरत है, उन्होंने नागपुर, मराठवाड़ा और पुणे की सीटों पर हार का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीति में किसी का भी गढ़ स्थायी नहीं होता.
उन्होंने बैलेट पेपर से हुए चुनावों का हवाला देते हुए वाराणसी और लखनऊ में भी बीजेपी की हार का दावा किया. राउत ने आरोप लगाया कि बीजेपी अब तक गलत तरीकों से जीतती रही है. हालांकि, ये सभी संजय राउत के राजनीतिक आरोप और दावे हैं.
महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी तेज
संजय राउत ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राजनीतिक आधार पर भी सवाल उठाए, उन्होंने दावा किया कि इन पार्टियों को बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व का समर्थन मिला है और उनका भविष्य भी उसी पर निर्भर करता है.
राउत ने कहा कि उन्होंने प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल के बयान देखे हैं. उनका दावा है कि एकनाथ शिंदे और अजित पवार की पार्टियों को आगे चलकर बीजेपी में विलय करना पड़ सकता है. विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद राउत के इन बयानों से महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है.
ये भी पढ़ें- भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को UAE का बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाकर दी बधाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









