Punjab News : पंजाब विधानसभा में विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें बड़े सपने देखने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि विधानसभा में कानून कैसे बनाए जाते हैं, विधेयकों पर चर्चा कैसे होती है और राज्य का बजट किस तरह पारित किया जाता है, उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझना जरूरी है, क्योंकि वे ही पंजाब का भविष्य हैं.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को शुरुआती असफलताओं से निराश न होने की सलाह दी, उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वास्तविक सपने वही हैं, जो व्यक्ति को लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित करते हैं, उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी अपना पहला चुनाव हार गए थे, लेकिन उन्होंने हार के बाद भी प्रयास जारी रखे. मुख्यमंत्री ने कहा कि असफलताएं रास्ते का अंत नहीं होतीं, बल्कि उनसे सीखकर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है.
उन्होंने सिविल सेवाओं में जाने तथा वकील और डॉक्टर बनने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे सही समय का इंतजार करने के बजाय आज से ही मेहनत शुरू करें.
विधानसभा की कार्यप्रणाली से कराया परिचित
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा में विधेयक पेश किए जाते हैं, उन पर बहस होती है और फिर उन्हें कानून के रूप में पारित किया जाता है. राज्य का बजट भी इसी संस्था में मंजूर होता है, उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता की संस्था है और नागरिकों को यह समझना चाहिए कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले फैसले कैसे लिए जाते हैं तथा निर्वाचित प्रतिनिधि जनता के प्रति किस प्रकार जवाबदेह होते हैं.
मुख्यमंत्री ने अपने सांसद कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने विद्यार्थियों को संसद में आमंत्रित किया था, ताकि वे लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकें.
सरकारी नौकरियों में योग्यता पर जोर
भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार ऐसा पंजाब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां युवाओं को सिफारिश या रसूख के बजाय योग्यता, कौशल और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिले, उन्होंने सरकारी भर्ती प्रक्रिया में योग्यता को प्राथमिकता देने की बात कही और कहा कि हर युवा को अपनी पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना बेहतर भविष्य बनाने का समान अवसर मिलना चाहिए.
मुख्यमंत्री सेहत योजना की भी दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत पात्र परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी परिवार को इलाज से समझौता न करना पड़े, उन्होंने आगे कहा कि सरकार आवश्यक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य तय करने, अनुशासन बनाए रखने और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की अपील की, उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी लगातार मेहनत करने वाले लोग अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं. इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









