
Delhi News : दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने की जगहों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की निर्धारित सूची से हटा दिया गया है. करीब 33 साल से विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहे जंतर-मंतर की जगह अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है. यह बदलाव ऐसे समय सामने आया है, जब राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी प्रदर्शन हो रहे हैं.
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली में रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को प्रदर्शन स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया है. जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित करने वाला आदेश रद्द कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस का यह नया आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी पुराने स्टैंडिंग ऑर्डर में बदलाव करता है.
आखिर जंतर-मंतर को सूची से क्यों हटाया गया?
आदेश के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने जंतर-मंतर के विकल्प के तौर पर दूसरे प्रदर्शन स्थलों की पहचान करने के लिए एक समिति गठित की थी. समिति ने विभिन्न स्थानों की जांच के बाद अपनी सिफारिशें दीं. इन्हीं सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने का फैसला लिया गया.
जंतर-मंतर लंबे समय से राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहा है. इससे पहले इंडिया गेट के पास स्थित बोट क्लब भी प्रदर्शन स्थल हुआ करता था.
अनुमति और नियमों पर अभी नजर
नए आदेश में कहा गया है कि व्यवस्था से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अलग से जारी की जाएगी. इसमें प्रदर्शन की अनुमति, आयोजन की प्रक्रिया, लोगों की संख्या और अन्य शर्तों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है.
फिलहाल, इस बदलाव के बाद दिल्ली में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की व्यवस्था में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुआ है. अब आगे की प्रक्रिया और अनुमति से जुड़े नियमों पर नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें – सीएम योगी की पहल से दिल्ली में सजी फिल्मी सितारों की रामलीला, पहली बार बाल कलाकारों ने किया संपूर्ण रामायण का मंचन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









